


भागलपुर : किसानों को कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं से प्रभावी रूप से जोड़ने के लिए भागलपुर जिले को राज्य स्तर पर सम्मानित किया गया है। गुरुवार को पटना में आयोजित एक कार्यशाला के दौरान बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत एवं पुलिस महानिदेशक विनय कुमार द्वारा जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
यह सम्मान भागलपुर जिले को अग्रीस्टेक पोर्टल पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए दिया गया है। जिले ने किसानों के पंजीकरण और उनके डेटा के डिजिटलीकरण में उल्लेखनीय कार्य करते हुए राज्य में अपनी अलग पहचान बनाई है।

उल्लेखनीय है कि अग्रीस्टेक (agristack.gov.in) भारत सरकार के कृषि विभाग का एक महत्वपूर्ण पोर्टल है, जिसके माध्यम से किसानों का पंजीकरण कर उनके आंकड़ों को डिजिटल स्वरूप में संकलित किया जाता है। इस पहल का उद्देश्य किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी और प्रभावी तरीके से उपलब्ध कराना है।
भागलपुर जिले ने इस अभियान के तहत अधिकतम किसानों को पोर्टल से जोड़ते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, जिसके परिणामस्वरूप उसे यह सम्मान प्राप्त हुआ।
















