5
(1)



पूर्णिया  : बिहार में सत्ता परिवर्तन के बाद राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। इसी क्रम में पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव ने दिल्ली से फेसबुक लाइव के माध्यम से राज्य की नई सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने बढ़ते अपराध, भू-माफियाओं के प्रभाव और प्रशासनिक भ्रष्टाचार को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से कई सवाल उठाए।


सांसद ने आरोप लगाया कि राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक हो गई है और आम लोग भय के माहौल में जीने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में हत्या और दुष्कर्म जैसी घटनाओं में बढ़ोतरी हुई है, जिससे सरकार की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

अपराधियों के बढ़ते हौसले पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि अपराधी अब पुलिस पर भी हमला करने से नहीं डर रहे हैं। गोपालगंज और शास्त्री नगर की घटनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि जमीन माफिया बेखौफ होकर सक्रिय हैं और प्रशासन उन पर अंकुश लगाने में असफल साबित हो रहा है।

भ्रष्टाचार के मुद्दे पर भी सांसद ने सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि पटना से लेकर प्रखंड और थाना स्तर तक बिना पैसे के कोई काम नहीं हो रहा है। उन्होंने मांग की कि भ्रष्टाचार में संलिप्त अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की संपत्तियों की जांच कर कार्रवाई की जाए।


मुख्यमंत्री से सीधे सवाल करते हुए पप्पू यादव ने कहा कि अवैध जमीन कब्जा करने वालों और सरकारी योजनाओं के पैसे के दुरुपयोग करने वालों की सूची सार्वजनिक की जाए। उन्होंने कहा कि जनता के पैसे की लूट बर्दाश्त नहीं की जाएगी और इसकी जांच होनी चाहिए।

सांसद ने कानून-व्यवस्था के नाम पर हो रही कार्रवाइयों पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि हर कार्रवाई पारदर्शी और संविधान के अनुरूप होनी चाहिए। किसी भी जाति विशेष को निशाना बनाना या संरक्षण देना न्यायसंगत नहीं है।

इसके अलावा उन्होंने शिक्षा व्यवस्था की बदहाली का मुद्दा उठाते हुए कहा कि जब तक सरकारी स्कूलों में सुधार नहीं होगा और निजी स्कूलों की मनमानी पर रोक नहीं लगेगी, तब तक गरीब परिवारों के बच्चों का भविष्य सुरक्षित नहीं हो सकेगा। साथ ही उन्होंने आम नागरिकों, विशेषकर रिक्शा, ठेला एवं तम-तम चलाने वालों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।

सांसद के इस बयान के बाद बिहार की राजनीति में हलचल तेज हो गई है और आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर राजनीतिक बयानबाजी और बढ़ने के आसार हैं।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: