


भागलपुर : शहर में ISOPARB चैप्टर की ओर से एक निजी होटल में साइंटिफिक प्रोग्राम का आयोजन किया गया, जिसमें मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को लेकर विशेषज्ञों ने महत्वपूर्ण विचार साझा किए। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि डॉ. हीरालाल कोनर, डॉ. मंजू गीता मिश्रा, डॉ. अनुपमा सिन्हा, डॉ. प्रज्ञा मिश्रा चौधरी एवं डॉ. प्रतिभा सिंह सहित अन्य चिकित्सकों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. हीरालाल कोनर ने बताया कि ISOPARB की शुरुआत बिहार की राजधानी पटना से हुई थी और वर्तमान में यह संस्था देश के 27 जिलों में सक्रिय रूप से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि संस्था का मुख्य उद्देश्य मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाना और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देना है।

वहीं डॉ. प्रतिभा सिंह ने गर्भवती महिलाओं की देखभाल पर विशेष जोर देते हुए कहा कि गर्भावस्था के प्रारंभिक चरण से ही नियमित चिकित्सकीय जांच और निगरानी अत्यंत आवश्यक है। इससे संभावित जटिलताओं से बचाव किया जा सकता है तथा सुरक्षित एवं स्वस्थ प्रसव सुनिश्चित किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि ISOPARB के माध्यम से महिलाओं को जागरूक करने के लिए विभिन्न स्तरों पर लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान शहर के कई वरिष्ठ चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे। इस अवसर पर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर बल दिया गया।
















