


भागलपुर।भागलपुर स्थित विक्रमशिला सेतु का एक स्लैब 03 मई 2026 की देर रात क्षतिग्रस्त हो जाने के कारण भागलपुर जिले का सड़क संपर्क नवगछिया, खगड़िया, कटिहार, पूर्णिया, मधेपुरा, सहरसा सहित कई जिलों से अस्थायी रूप से बाधित हो गया है। आम जनजीवन को सुचारु बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन द्वारा वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में नाव परिचालन की समय-सीमा निर्धारित कर दी गई है।

जिला प्रशासन, भागलपुर द्वारा जारी निर्देश के अनुसार नावों का परिचालन प्रतिदिन प्रातः 05:00 बजे से अपराह्न 05:30 बजे तक ही किया जाएगा। निर्धारित समय समाप्त होने के बाद सभी नावों का संचालन पूर्णतः बंद रहेगा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस व्यवस्था के अनुपालन की जिम्मेदारी अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) एवं सहायक आपदा प्रबंधन पदाधिकारी के नेतृत्व में सुनिश्चित की जाएगी। राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) की टीम क्षेत्र में लगातार भ्रमण कर यह सुनिश्चित करेगी कि तय समय के बाद किसी भी नाव का संचालन न हो।

निर्देश में कहा गया है कि यदि किसी नाव के यात्रियों को निर्धारित समयावधि के भीतर गंतव्य तक पहुंचाना संभव नहीं हो पाता है, तो संबंधित नाव को सुरक्षित किनारे लगाकर उसी दिन का परिचालन समाप्त किया जाएगा तथा इसकी सूचना संबंधित पदाधिकारियों को अनिवार्य रूप से दी जाएगी।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित समय-सीमा का पालन करें तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का सहयोग करें, ताकि यात्रियों की सुरक्षा एवं व्यवस्था बनाए रखी जा सके।













