


पूर्णिया : शहर के लाइन बाजार रोड स्थित एक निजी नर्सिंग होम में टॉन्सिल ऑपरेशन के दौरान एक महिला मरीज की मौत हो जाने के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया। घटना के बाद अस्पताल परिसर में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

मृतका की पहचान किशनगंज जिले के झाला निवासी सांता देवी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार महिला को गले में परेशानी थी, जिसके इलाज के लिए उन्हें निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों ने इसे सामान्य ऑपरेशन बताते हुए जल्द स्वस्थ होने और एक दिन में छुट्टी देने का भरोसा दिया था।
परिवार वालों का आरोप है कि ऑपरेशन शुरू होने के कुछ देर बाद ही महिला की तबीयत बिगड़ने लगी, लेकिन अस्पताल प्रबंधन की ओर से काफी देर तक सही जानकारी नहीं दी गई। बाद में नर्सिंग होम कर्मियों ने मरीज को दूसरे अस्पताल रेफर करने की बात कही।

परिजनों का आरोप है कि तब तक महिला की मौत हो चुकी थी और अस्पताल प्रबंधन अपनी लापरवाही छिपाने की कोशिश कर रहा था। घटना से नाराज परिजनों ने अस्पताल में हंगामा शुरू कर दिया और चिकित्सकों तथा नर्सिंग स्टाफ पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया।
मृतका के पति ने आरोप लगाया कि ऑपरेशन के दौरान महिला की सांस की नली कट गई, जिसके कारण उसकी मौत हुई। उनका कहना है कि यदि समय रहते सावधानी बरती जाती और सही इलाज मिलता, तो महिला की जान बचाई जा सकती थी।

घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले को शांत कराया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। वहीं घटना के बाद इलाके में निजी अस्पतालों की कार्यशैली को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।















