


अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और विदेश से वायरल करने का मामला दर्ज
किशनगंज : बिहार के किशनगंज जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक युवती ने युवक पर शादी का झांसा देकर दो वर्षों तक दुष्कर्म करने, अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने तथा विदेश से वीडियो वायरल करने का गंभीर आरोप लगाया है। मामले को लेकर महिला थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है।

पीड़िता बहादुरगंज थाना क्षेत्र की रहने वाली 21 वर्षीय युवती है। युवती द्वारा दिए गए आवेदन के अनुसार आरोपी की पहचान कोचाधामन थाना क्षेत्र के हल्दीखोड़ा निवासी मिस्टर रेजा के रूप में हुई है।
पीड़िता ने बताया कि आरोपी अपने भाई के ससुराल रहमानगंज अक्सर आया-जाया करता था। इसी दौरान उसकी पहचान युवती से हुई।
आवेदन में युवती ने आरोप लगाया है कि 11 मई 2024 को जब उसके माता-पिता खेत में काम करने गए थे, उसी दौरान आरोपी घर में घुस आया और उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया।

पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने घटना का वीडियो भी अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। इसके बाद वीडियो वायरल करने की धमकी देकर लगातार ब्लैकमेल करता रहा और करीब दो वर्षों तक उसका शारीरिक शोषण करता रहा।
युवती के अनुसार जब उसने विरोध किया तो आरोपी ने उससे शादी करने का झूठा वादा कर उसे चुप करा दिया।

पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी अब विदेश चला गया है और वहीं से उसके अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर मानसिक प्रताड़ना दे रहा है।
मामले को लेकर महिला थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस का कहना है कि आवेदन के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है और आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। वहीं लोगों ने इस तरह की घटनाओं पर चिंता जताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।















