


भागलपुर। समीक्षा भवन सभागार में “सबका सम्मान, जीवन आसान” कार्यक्रम के तहत जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे, जहां बड़ी संख्या में पहुंचे फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया।
जनता दरबार में लोगों ने जमीन विवाद, सरकारी योजनाओं, सामाजिक सुरक्षा एवं प्रशासनिक शिकायतों से जुड़े मामलों को जिलाधिकारी के समक्ष रखा। जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने बताया कि जनता दरबार में करीब 45 फरियादियों की शिकायतें सुनी गईं। उन्होंने कहा कि कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया, जबकि जटिल मामलों में संबंधित विभागीय अधिकारियों को शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आम लोगों की समस्याओं का समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
जनता दरबार के दौरान फरियादियों ने अपनी समस्याएं सीधे जिलाधिकारी के सामने रखीं, जिससे लोगों में प्रशासन के प्रति विश्वास एवं संतोष देखने को मिला।














