


भागलपुर। लोदीपुर थाना क्षेत्र के जीछो बिशनपुर गांव में कतरिया नदी में डूबने से 14 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई तथा परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक की पहचान जीछो बिशनपुर निवासी अनिल यादव के पुत्र आनंद कुमार के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार आनंद 10 मई को मवेशी लेकर बहियार गया था। इसी दौरान एक मवेशी कतरिया नदी में चला गया। मवेशी को बाहर निकालने के प्रयास में आनंद का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया, जिससे उसकी डूबकर मौत हो गई।

घटना के बाद परिजनों एवं ग्रामीणों ने काफी खोजबीन की, लेकिन देर शाम तक उसका कोई पता नहीं चल सका। रविवार सुबह स्थानीय गोताखोरों द्वारा दोबारा खोज अभियान चलाया गया, जिसमें किशोर का शव नदी में तैरता हुआ बरामद किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही लोदीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं बेटे की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है तथा पूरे गांव में शोक का माहौल है।














