


पूर्णिया। नागरिक सुरक्षा निदेशालय पटना के निर्देश पर 14 मई 2026 को बिहार के छह जिलों में ब्लैक आउट मॉक ड्रिल आयोजित किया जाएगा। इनमें पूर्णिया जिला भी शामिल है। इसको लेकर मंगलवार को आर.एन. साह चौक पर प्रेस वार्ता आयोजित की गई।

प्रेस वार्ता में श्वेतम दीक्षित ने बताया कि 14 मई को शाम 7 बजे से 7 बजकर 10 मिनट तक ब्लैक आउट मॉक ड्रिल किया जाएगा। इस दौरान पूर्णिया शहर पूरी तरह अंधकारमय रहेगा और सड़क से लेकर घरों तक सभी प्रकार की बिजली एवं प्रकाश व्यवस्था बंद रहेगी। हालांकि मेडिकल एवं अस्पताल जैसी आवश्यक सेवाओं को इससे अलग रखा जाएगा।

उन्होंने बताया कि मॉक ड्रिल शुरू होने से पहले दो मिनट का सायरन बजाया जाएगा और शाम 7 बजे सायरन बजते ही पूरे शहरी क्षेत्र की बिजली बंद कर दी जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे इस दौरान सहयोग करें और किसी प्रकार की अफवाह या घबराहट से बचें।
अनुमंडल पदाधिकारी ने कहा कि यह कार्यक्रम नागरिक सुरक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है और लोगों को पैनिक होने की आवश्यकता नहीं है।
इस मौके पर ज्योति शंकर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।















