


पूर्णिया : जन सुराज पार्टी के व्यापक पुनर्गठन एवं संगठन विस्तार अभियान के तहत बुधवार को पूर्णिया जिला संगठन की प्रथम संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के घोषित पदाधिकारियों, क्षेत्रीय प्रभारी, संगठन प्रभारी सहित कई वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य संगठनात्मक ढांचे को और अधिक मजबूत, सक्रिय और प्रभावी बनाना था।

बैठक के दौरान जिला संगठन की भावी रणनीति, संगठन विस्तार और आगामी कार्ययोजना को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। नेताओं ने पार्टी को पंचायत और बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर दिया तथा कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न सुझाव दिए।
बैठक में मौजूद पदाधिकारियों ने कहा कि जन सुराज पार्टी को आम लोगों की आवाज बनाकर गांव-गांव तक पहुंचाने का लक्ष्य तय किया गया है। इसके लिए संगठन को मजबूत और अनुशासित बनाना जरूरी है। बैठक में संगठन की मजबूती के लिए नियमित बैठक, जनसंपर्क अभियान और सदस्यता विस्तार कार्यक्रम चलाने पर भी सहमति बनी।

इस दौरान पूर्णिया जिला कार्यालय को तत्काल प्रभाव से बदलने के प्रस्ताव पर सर्वसम्मति से सहमति व्यक्त की गई। पार्टी पदाधिकारियों ने नए कार्यालय के लिए उपयुक्त स्थान का निरीक्षण भी किया। नेताओं ने कहा कि नया कार्यालय संगठनात्मक गतिविधियों को बेहतर ढंग से संचालित करने में सहायक होगा।
इसके अलावा बैठक में पार्टी के बैंक खाते के संचालन को लेकर भी चर्चा की गई। पदाधिकारियों ने इस प्रक्रिया को जल्द पूरा करने पर बल दिया, ताकि संगठनात्मक और प्रशासनिक कार्यों को सुचारु रूप से संचालित किया जा सके।
बैठक में उपस्थित नेताओं ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और अधिक से अधिक युवाओं एवं आम लोगों को पार्टी से जोड़ने का संकल्प लिया। नेताओं ने कहा कि आने वाले दिनों में पूर्णिया जिले में पार्टी संगठन को और अधिक सक्रिय एवं प्रभावशाली बनाया जाएगा।
















