


भागलपुर के हबीबपुर थाना क्षेत्र में महज 700 रुपये के लेन-देन को लेकर मारपीट की घटना सामने आई है। आरोप है कि पैसे के विवाद में एक युवक ने दूसरे युवक पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घायल युवक की पहचान मोहम्मद शमशेर के रूप में हुई है। उनका इलाज जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, मायागंज में चल रहा है।
घायल शमशेर ने बताया कि फैजल का 700 रुपये उसके पास था और वह लगातार पैसे की मांग कर रहा था। शमशेर के अनुसार, उसने फैजल से कहा था कि जैसे ही पैसे की व्यवस्था होगी, वह राशि लौटा देगा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया।

शमशेर का आरोप है कि इसके बाद फैजल उसके घर पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान लोहे की रॉड से हमला कर उसे घायल कर दिया गया। घटना के बाद परिजनों ने घायल अवस्था में उसे मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है।
फिलहाल मामले को लेकर स्थानीय थाना पुलिस जांच में जुटी हुई है।














