


स्कूलों के आसपास तंबाकू बिक्री रोकने और सीमावर्ती इलाकों में छापेमारी तेज करने का आदेश
पूर्णिया : अपर समाहर्ता विधि व्यवस्था राजकुमार गुप्ता की अध्यक्षता में प्रज्ञान सभागार, पूर्णिया में एनसीओआरडी (NCORD) से संबंधित जिलास्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मादक पदार्थों की रोकथाम, जनजागरूकता अभियान एवं विभागीय कार्रवाई की समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान अपर समाहर्ता ने पूर्व बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की विषयवार समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने जिला शिक्षा पदाधिकारी को निर्देश दिया कि जिले के सभी शैक्षणिक संस्थानों के 100 गज के दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित सुनिश्चित की जाए। साथ ही विद्यालय स्तर पर मादक पदार्थों के दुष्प्रभाव को लेकर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने का भी निर्देश दिया गया।

बैठक में सीमावर्ती क्षेत्रों में बढ़ती मादक पदार्थों की गतिविधियों को लेकर चिंता व्यक्त की गई। अपर समाहर्ता ने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों एवं संबंधित अधिकारियों को सीमावर्ती इलाकों में लगातार छापेमारी अभियान चलाने का निर्देश दिया।
वहीं बैठक में उपस्थित सभी औषधि निरीक्षकों को नशीली एवं प्रतिबंधित दवाओं, नशीले इंजेक्शन तथा अवैध दवा कारोबार के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का आदेश दिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि ऐसे मामलों में नियमानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

जिला कृषि पदाधिकारी को जिलेभर में अफीम, गांजा एवं अन्य मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया गया, ताकि लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जा सके।
बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी सदर पूर्णिया श्वेतम दीक्षित, जिला कृषि पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, उत्पाद अधीक्षक, संबंधित पुलिस पदाधिकारी, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी आईसीडीएस सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
















