


विकास योजनाओं की समयबद्ध मॉनिटरिंग को बताया प्राथमिकता
पूर्णिया : पूर्णिया प्रमंडल के नव पदस्थापित प्रमंडलीय आयुक्त दिनेश कुमार (भा.प्र.से.) ने सोमवार को विधिवत अपना प्रभार ग्रहण कर लिया। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने प्रमंडल के प्रशासनिक एवं विकास कार्यों को लेकर अपनी प्राथमिकताएं साझा कीं।

इससे पूर्व दिनेश कुमार शिक्षा विभाग, बिहार पटना में सचिव के पद पर कार्यरत थे। साथ ही वे सामान्य प्रशासन विभाग में जांच आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार भी संभाल चुके हैं।
प्रभार ग्रहण करने के बाद आयुक्त ने कहा कि प्रमंडल अंतर्गत आने वाले जिलों के विकास एवं राजस्व से जुड़े कार्यों का नियमित पर्यवेक्षण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रमंडलीय जिलों द्वारा कई क्षेत्रों में बेहतर कार्य किए जा रहे हैं, जिन्हें और प्रभावी बनाने की दिशा में काम किया जाएगा।

उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी एवं विकास योजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।
नव पदस्थापित आयुक्त ने प्रशासनिक अधिकारियों से समन्वय बनाकर आम लोगों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।
इस अवसर पर प्रमंडलीय कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
















