0
(0)



“सरकार आपके द्वार” पहल के तहत प्रभारी मंत्री ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं

पूर्णिया : बिहार सरकार की “सरकार आपके द्वार” पहल के तहत मंगलवार को डगरुआ प्रखंड के रामपुर पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ उमड़ी। शिविर में बिहार सरकार के आपदा प्रबंधन विभाग सह पूर्णिया जिला प्रभारी मंत्री रत्नेश सदा पहुंचे और आम लोगों की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।



शिविर में ग्रामीणों, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और युवाओं ने भूमि विवाद, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राशन कार्ड, आवास योजना, सड़क, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य एवं अन्य जनहित से जुड़ी समस्याओं को मंत्री के समक्ष रखा। मंत्री ने सभी शिकायतों और आवेदनों पर गंभीरता से संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

इस अवसर पर मंत्री रत्नेश सदा ने कहा कि सहयोग शिविर के माध्यम से “सरकार आपके द्वार” की अवधारणा को धरातल पर उतारा जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार गांव-गांव तक प्रशासनिक पहुंच सुनिश्चित कर लोगों की समस्याओं का समाधान करने के लिए प्रतिबद्ध है।


उन्होंने कहा कि सहयोग शिविर केवल योजनाओं की जानकारी देने का मंच नहीं है, बल्कि जनता और प्रशासन के बीच संवाद और विश्वास को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम भी है। सरकार की मंशा है कि आम लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार अंतिम व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। इसी सोच के तहत विभिन्न विभागों के अधिकारी एक ही स्थान पर उपस्थित होकर लोगों की समस्याओं का समाधान कर रहे हैं।


उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि शिविर में प्राप्त आवेदनों के निष्पादन में पूरी पारदर्शिता और तत्परता बरती जाए तथा पात्र लाभुकों को निर्धारित समय सीमा के भीतर योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: