


पूर्णिया : डगरुआ प्रखंड अंतर्गत रामपुर पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर में मंगलवार को बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ उमड़ी। बिहार सरकार के आपदा प्रबंधन विभाग सह पूर्णिया जिला प्रभारी मंत्री रत्नेश सदा ने शिविर में पहुंचकर आम लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

शिविर में ग्रामीणों, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और युवाओं की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। लोगों ने भूमि विवाद, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राशन कार्ड, आवास योजना, पेयजल, सड़क, बिजली, स्वास्थ्य सहित विभिन्न जनहित से जुड़े मामलों को मंत्री के समक्ष रखा।
प्रभारी मंत्री रत्नेश सदा ने प्रत्येक आवेदन और शिकायत को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुनते हुए अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार गांव-गांव तक प्रशासनिक पहुंच सुनिश्चित कर आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

मंत्री ने कहा कि सहयोग शिविर केवल योजनाओं की जानकारी देने का माध्यम नहीं, बल्कि जनता और प्रशासन के बीच विश्वास और संवाद को मजबूत करने का प्रभावी मंच है। सरकार की मंशा है कि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए लगातार प्रयासरत है। सहयोग शिविर इसी जनोन्मुखी सोच का परिणाम है, जहां विभिन्न विभागों के अधिकारी एक ही स्थान पर मौजूद रहकर लोगों की समस्याओं का समाधान कर रहे हैं।

मंत्री रत्नेश सदा ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि शिविर में प्राप्त आवेदनों के निष्पादन में पूरी पारदर्शिता और तत्परता बरती जाए तथा पात्र लाभुकों को निर्धारित समय सीमा के भीतर योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए।
इस अवसर पर प्रभारी जिला पदाधिकारी सह उप विकास आयुक्त अंजनि कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।














