0
(0)



साइकिल, टोटो और सार्वजनिक वाहनों से कार्यालय पहुंचे अधिकारी, ईंधन बचत का दिया संदेश

पूर्णिया । राज्य सरकार के निर्देश के आलोक में शुक्रवार को पूर्णिया जिले में “नो व्हीकल डे” का व्यापक असर देखने को मिला। इस अवसर पर समाहरणालय सहित विभिन्न सरकारी कार्यालयों में कार्यरत वरीय अधिकारियों एवं जिला स्तरीय पदाधिकारियों ने निजी वाहनों का उपयोग नहीं करते हुए पैदल, बैट्री चालित टोटो रिक्शा, सार्वजनिक वाहनों तथा साइकिल से कार्यालय पहुंचकर पर्यावरण संरक्षण और ईंधन बचत का संदेश दिया।



जिला जनसंपर्क कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार अधिकारियों ने निर्धारित अवधि में अपने-अपने कार्यालयों में उपस्थिति दर्ज कराते हुए आम लोगों को भी वैकल्पिक यातायात व्यवस्था अपनाने के लिए प्रेरित किया। “नो व्हीकल डे” के तहत जिले में सरकारी स्तर पर जागरूकता का सकारात्मक माहौल देखने को मिला।

इसी क्रम में अपर समाहर्ता श्री रवि राकेश अपने सरकारी आवास से साइकिल चलाकर समाहरणालय स्थित कार्यालय पहुंचे। उनके इस प्रयास को लोगों ने सराहा और इसे पर्यावरण संरक्षण की दिशा में प्रेरणादायक कदम बताया।



मौके पर मीडिया प्रतिनिधियों से बातचीत करते हुए अपर समाहर्ता ने कहा कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों में तेल की बचत अत्यंत आवश्यक हो गई है। उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री के आह्वान पर बिहार सरकार द्वारा यह पहल की गई है, ताकि लोग निजी वाहनों पर निर्भरता कम कर सार्वजनिक एवं वैकल्पिक परिवहन साधनों का अधिक उपयोग करें।

उन्होंने कहा कि इस तरह के अभियान न केवल ईंधन की बचत में सहायक होंगे, बल्कि प्रदूषण नियंत्रण और पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। प्रशासन का उद्देश्य आम नागरिकों के बीच जागरूकता बढ़ाना और उन्हें ऊर्जा संरक्षण के प्रति प्रेरित करना है।


“नो व्हीकल डे” के दौरान समाहरणालय परिसर में अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच उत्साह का माहौल देखा गया। कई कर्मियों ने भी साइकिल एवं सार्वजनिक वाहनों का उपयोग कर इस अभियान में सहभागिता निभाई। जिला प्रशासन ने आम लोगों से भी समय-समय पर ऐसे अभियानों में भाग लेने की अपील की है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: