


मकान सूचीकरण कार्य में आंकड़ों की शुद्धता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश
पूर्णिया । जनगणना-2027 के प्रथम चरण अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकान गणना (एचएलओ) कार्य की प्रगति को लेकर मंगलवार को महानंदा सभागार, पूर्णिया में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उप विकास आयुक्त सह प्रभारी जिला पदाधिकारी एवं प्रधान जनगणना अधिकारी अंजनि कुमार ने की।

बैठक में जनगणना कार्य के दौरान संग्रह किए जा रहे आंकड़ों की गुणवत्ता, शुद्धता एवं विश्वसनीयता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। प्रभारी जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि मकान सूचीकरण कार्य के दौरान कोई भी घर छूटने न पाए और सभी आंकड़े सही एवं उपयोगी रूप में दर्ज किए जाएं।
उन्होंने सभी चार्ज पदाधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनगणना कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए आंकड़ों के संकलन में पूरी सतर्कता और पारदर्शिता बरती जाए। प्रत्येक प्रगणक द्वारा तैयार आंकड़ों की पुनः जांच कर उनकी शुद्धता सुनिश्चित करने को भी कहा गया।

बैठक में मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि क्षेत्रीय स्तर पर लगातार निगरानी बनाए रखें तथा सूचीकरण कार्य में किसी प्रकार की त्रुटि नहीं हो। साथ ही जनगणना से संबंधित दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने पर भी बल दिया गया।
बैठक में संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे, जबकि प्रखंड एवं अनुमंडल स्तर के पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।















