


आंगनवाड़ी केंद्रों में स्वच्छता, सुरक्षित पेयजल और पोषण व्यवस्था को मजबूत बनाने पर जोर
पूर्णिया । समेकित बाल विकास परियोजना (आईसीडीएस) एवं यूनिसेफ के संयुक्त तत्वावधान में पूर्णिया जिले में जल, स्वच्छता एवं साफ-सफाई (WASH) विषय पर एक दिवसीय क्षमता वर्धन प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम होटल ग्रांड इम्पेरियल, पूर्णिया में आयोजित हुआ, जिसमें जिले के सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी (सीडीपीओ), महिला सुपरवाइजर एवं प्रखंड समन्वयकों ने भाग लिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता आईसीडीएस जिला कार्यक्रम पदाधिकारी सुगंधा शर्मा ने की। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य आंगनवाड़ी केंद्रों एवं समुदाय स्तर पर जल, स्वच्छता, पोषण और स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों को अधिक प्रभावी, सुरक्षित और सतत रूप से लागू करने के लिए प्रतिभागियों की क्षमता को मजबूत बनाना था।
प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञ निकेत कुमार झा एवं डॉ. अटल बिहारी शुक्ला ने जल स्वच्छता एवं साफ-सफाई से जुड़े विषयों को सरल एवं व्यवहारिक उदाहरणों के माध्यम से विस्तारपूर्वक समझाया। उन्होंने बताया कि आंगनवाड़ी केंद्रों में बेहतर स्वच्छता व्यवस्था बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

कार्यक्रम में सुरक्षित एवं स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता, बच्चों के अनुकूल शौचालय, ठोस एवं तरल कचरा प्रबंधन, संचालन एवं रखरखाव, मरम्मत व्यवस्था तथा जल गुणवत्ता जांच जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन चर्चा की गई। इसके अलावा पोषण एवं स्वास्थ्य शिक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं को भी प्रशिक्षण का अहम हिस्सा बनाया गया।
प्रशिक्षकों ने कहा कि बचपन से ही साफ-सफाई और पोषण से जुड़ी अच्छी आदतें विकसित होने पर भविष्य में स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को काफी हद तक कम किया जा सकता है। उन्होंने आंगनवाड़ी केंद्रों में स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर दिया।
कार्यक्रम में यूनिसेफ पूर्णिया के जिला समन्वयक एवं वाश कंसल्टेंट कर्मवीर कुमार, फिया फाउंडेशन के युगल किशोर, उत्तम कुमार, मोनी कुमारी एवं मनीष कुमार सहित कई अधिकारी और कर्मी उपस्थित रहे।














