


पूर्णिया। थैलेसीमिया संघ परिवार, पूर्णिया के प्रतिनिधिमंडल ने 6 जून की शाम पूर्व राज्यपाल एवं दधीचि देहदान समिति के अध्यक्ष गंगा प्रसाद से मुलाकात कर थैलेसीमिया डे-केयर सेंटर, पूर्णिया से जुड़ी समस्याओं एवं मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने उनसे इन मांगों को बिहार सरकार के स्वास्थ्य मंत्री एवं मुख्यमंत्री तक पहुंचाने का आग्रह किया।
ज्ञापन में डे-केयर सेंटर में एक हेमेटोलॉजिस्ट चिकित्सक की नियुक्ति की मांग की गई, ताकि थैलेसीमिया मरीजों को बेहतर उपचार एवं परामर्श मिल सके। इसके अलावा मरीजों के लिए आवश्यक आयरन रिमूवल दवाओं की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई गई। संघ के सदस्यों ने बताया कि वर्तमान में उपलब्ध दवाओं से मरीजों के शरीर में आयरन का स्तर नियंत्रित नहीं हो पा रहा है। इसलिए सिप्ला कंपनी की डेसिरॉक्स 500 एमजी एवं केलफर 500 एमजी जैसी जीवनरक्षक दवाएं उपलब्ध कराना आवश्यक है।
वहीं 7 जून को आयोजित दधीचि देहदान समिति के कार्यक्रम में थैलेसीमिया संघ परिवार के सदस्यों ने पूर्व राज्यपाल गंगा प्रसाद एवं पद्मश्री विमल जैन सहित सभी अतिथियों को मां पूर्ण देवी की स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर समाजसेवा, जनकल्याण एवं स्वास्थ्य जागरूकता के क्षेत्र में उनके योगदान की सराहना की गई।

कार्यक्रम के दौरान थैलेसीमिया संघ परिवार के सदस्य पवन झा एवं पिंकी देवी ने नेत्रदान करने की घोषणा कर मानव सेवा का संदेश दिया। संघ के सदस्यों ने कहा कि थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों एवं उनके परिवारों के हित में समाज और सरकार के सहयोग की आवश्यकता है, ताकि मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

















