


पूर्णिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लगातार 12 वर्ष के सफल कार्यकाल पूर्ण होने तथा देश के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे “12 साल बेमिसाल, 12 साल विश्वास के, विकास के और जनकल्याण के” अभियान के तहत बुधवार को पूर्णिया विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पूर्णिया विधायक विजय खेमका ने ग्रामीण पश्चिम मंडल के विभिन्न क्षेत्रों में जनसंपर्क अभियान चलाकर लोगों से संवाद किया और केंद्र सरकार की उपलब्धियों को साझा किया।
कार्यक्रम के तहत ईस्ट ब्लॉक के सिकंदरपुर-बरसौनी पंचायत भवन में प्रबुद्ध जनसंपर्क अभियान आयोजित किया गया। इसके अलावा महाराजपुर चिकनी आदिवासी टोला में अनुसूचित जनजाति समाज के लोगों के साथ संवाद कार्यक्रम हुआ। रामपुर डलिया घाट नया टोला के समीप सड़क एवं पुल निर्माण कार्यों का अवलोकन करते हुए विधायक ने स्थानीय महिला-पुरुषों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं सुनीं।
इस दौरान महेंद्रपुर हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर तथा बैंक शाखा का निरीक्षण कर विधायक ने लाभार्थियों से बातचीत की और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली। भोगा करियात के झटाहा महादलित टोला में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया, जबकि गौरा पंचायत के मझुवा गांव में प्रबुद्ध नागरिकों के साथ बैठक कर विकास योजनाओं पर चर्चा की गई।
वीरपुर पंचायत के शिमलगाछी गांव में फूलों की खेती करने वाले किसानों के बीच पहुंचकर विधायक ने वृक्षारोपण किया तथा किसानों को आधुनिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि कृषि और बागवानी के क्षेत्र में केंद्र सरकार की योजनाओं से किसानों की आय में वृद्धि हो रही है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक विजय खेमका ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि आज भारत विश्व की अग्रणी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो चुका है और चार ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने 4,399 दिनों से अधिक के कार्यकाल के साथ देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने का गौरव प्राप्त किया है। यह 12 वर्षों का कार्यकाल सेवा, सुशासन, विकास और गरीब कल्याण की ऐतिहासिक यात्रा रहा है।
उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व और भारत की बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा की सराहना कर रही है। विधायक ने प्रधानमंत्री के स्वस्थ, निरोग एवं दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में भारत वर्ष 2047 तक विकसित, आत्मनिर्भर और विश्वगुरु बनने के लक्ष्य को अवश्य प्राप्त करेगा।
कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष मनोज गोस्वामी सहित भाजपा के वरिष्ठ नेता, बूथ अध्यक्ष, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
















