


वैज्ञानिक जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को मिली सफलता, हत्या में प्रयुक्त टोटो व अन्य सामान बरामद
भागलपुर। भागलपुर पुलिस ने सुलतानगंज थाना क्षेत्र में हुए चर्चित महिला हत्याकांड का खुलासा करते हुए तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त टोटो रिक्शा, शव ठिकाने लगाने में इस्तेमाल की गई प्लास्टिक की बोरी तथा पांच मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।

सिटी एसपी अतुल कुमार झा ने प्रेस वार्ता में बताया कि 22 जून 2026 को सुलतानगंज थाना क्षेत्र के मीरहट्टी के समीप एक अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ था। जांच के दौरान मृतका की पहचान मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र निवासी बंटी तांती की पत्नी तेतरी देवी के रूप में हुई। इसके बाद सुलतानगंज थाना में मामला दर्ज कर विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया।
उन्होंने बताया कि वैज्ञानिक अनुसंधान, सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों तथा मानव सूचना के आधार पर पुलिस ने मामले का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए अजय कुमार उर्फ अजय मोदी, अर्जुन यादव और मंतोष कुमार बिंद को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के पास से पांच मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। वहीं मुख्य आरोपी अजय कुमार की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया टोटो रिक्शा तथा शव को ठिकाने लगाने में प्रयुक्त प्लास्टिक की बोरी भी बरामद कर ली गई है।
सिटी एसपी ने बताया कि तीनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है। पुलिस पूरे मामले में साक्ष्य जुटाते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
















