


पूर्णिया। पूर्णिया नगर निगम बोर्ड द्वारा कप्तान पुल स्थित नवनिर्मित विद्युत शवदाह गृह के सुचारु संचालन को लेकर लिए गए निर्णय का सामाजिक संस्था ग्रीन पूर्णिया ने स्वागत किया है। संस्था के सचिव एवं समाजसेवी रविंद्र कुमार साह ने इस जनहितकारी पहल के लिए महापौर विभा कुमारी, नगर निगम बोर्ड तथा नगर निगम परिवार को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

मंगलवार को आयोजित नगर निगम बोर्ड की बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार, लकड़ी से दाह संस्कार की सुविधा नि:शुल्क उपलब्ध रहेगी। वहीं विद्युत शवदाह के लिए मात्र 200 रुपये तथा घाट राजा को अग्नि देने के लिए 100 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। लकड़ी से अंतिम संस्कार कराने वाले परिजनों को लकड़ी की व्यवस्था स्वयं करनी होगी। इसके अलावा अत्यंत गरीब, असहाय, बेसहारा एवं लावारिस शवों का अंतिम संस्कार पूरी तरह नि:शुल्क कराने का भी निर्णय लिया गया है।
ग्रीन पूर्णिया के सचिव रविंद्र कुमार साह ने कहा कि नगर निगम का यह निर्णय सामाजिक संवेदनशीलता और मानवीय मूल्यों का परिचायक है। उन्होंने कहा कि अंतिम संस्कार जैसी आवश्यक सेवा को आम लोगों के लिए सरल, सम्मानजनक और सुलभ बनाना सराहनीय पहल है। विशेष रूप से गरीब, बेसहारा और लावारिस शवों के नि:शुल्क अंतिम संस्कार की व्यवस्था नगर निगम की जनकल्याणकारी सोच को दर्शाती है।
रविंद्र कुमार साह ने कहा कि वे लंबे समय से सामाजिक सेवा के क्षेत्र में सक्रिय हैं और अब तक अनेक लावारिस शवों का सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार करा चुके हैं। इसके साथ ही वे बुजुर्गों, असहाय एवं बेसहारा लोगों की सेवा में भी निरंतर योगदान देते आ रहे हैं।
उन्होंने विश्वास जताया कि महापौर विभा कुमारी के नेतृत्व में पूर्णिया नगर निगम आगे भी जनहित और मानव सेवा से जुड़े ऐसे महत्वपूर्ण निर्णय लेकर समाज के सभी वर्गों को राहत पहुंचाने का कार्य करता रहेगा।
















