


पूर्णिया। नगर निगम पूर्णिया के तत्वावधान में गुरुवार को सम्राट अशोक भवन में प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि (पीएम स्वनिधि) योजना के तहत ऋण वितरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन जिलाधिकारी अंशुल कुमार, महापौर विभा कुमारी, एसडीएम तुषार कुमार, उप महापौर पल्लवी गुप्ता तथा प्रभारी नगर आयुक्त विजय प्रताप सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि, स्ट्रीट वेंडर्स, नगर निगम के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में दुकानदार मौजूद रहे। इस दौरान प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की भी जानकारी दी गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर विभा कुमारी ने कहा कि पीएम स्वनिधि योजना छोटे दुकानदारों को आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि फुटपाथ एवं ठेला लगाकर आजीविका चलाने वाले छोटे व्यवसायी शहर की अर्थव्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और उनके विकास से स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलती है।
उन्होंने बताया कि शिविर में ऋण के लिए आवेदन करने वाले पात्र लाभार्थियों की आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। योजना के तहत लाभुकों को तीन चरणों में कुल 90 हजार रुपये तक का ऋण उपलब्ध कराया जाता है। प्रथम चरण में 15 हजार रुपये, द्वितीय चरण में 25 हजार रुपये तथा तृतीय चरण में 50 हजार रुपये का ऋण देकर उनके व्यवसाय के विस्तार में सहयोग किया जाता है।
महापौर ने कहा कि नगर निगम की कोशिश है कि कोई भी मेहनतकश दुकानदार केवल पूंजी के अभाव में अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने से वंचित न रहे। उन्होंने लाभार्थियों से अपील की कि वे प्राप्त ऋण राशि का सदुपयोग करें और समय पर किस्तों का भुगतान करें, ताकि आगे की ऋण सहायता प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस योजना से अधिक से अधिक स्ट्रीट वेंडर्स लाभान्वित होंगे और उनका व्यवसाय नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगा। महापौर ने जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, बिहार सरकार तथा नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रति आभार भी व्यक्त किया।
शिविर में विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधियों ने लाभार्थियों को ऋण प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी तथा आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन कर आगे की प्रक्रिया पूरी की। कार्यक्रम के अंत में लाभार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए अधिक से अधिक पात्र स्ट्रीट वेंडर्स से योजना का लाभ उठाने की अपील की गई।
इस अवसर पर भारतीय स्टेट बैंक के एलडीएम दिनेश कुमार दिनकर, विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता, सिटी मैनेजर पवन कुमार, राजेश कुमार झा, प्रधान सहायक उमेश यादव, डे-एनयूएलएम के सहायक नलिन भूषण सहित एसबीआई, पंजाब नेशनल बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, इंडियन ओवरसीज बैंक, बैंक ऑफ महाराष्ट्र, बिहार ग्रामीण बैंक, केनरा बैंक, सेंट्रल बैंक, यूनियन बैंक, पंजाब एंड सिंध बैंक तथा बैंक ऑफ इंडिया के पदाधिकारी एवं नगर निगम के सीआरपी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
















