


पूर्णिया । नीट पेपर लीक मामले को लेकर छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव मंगलवार को अलग अंदाज में संसद पहुंचे। सिर और हाथ पर पट्टी बांधे तथा हाथ में लाठी लिए संसद परिसर पहुंचे पप्पू यादव ने केंद्र और बिहार सरकार पर छात्रों की आवाज दबाने का आरोप लगाया।

संसद परिसर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए पप्पू यादव ने कहा कि छात्रों और उनके परिवारों के साथ अन्याय हुआ है। उन्होंने कहा कि पेपर लीक से लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ, लेकिन दोषियों पर कार्रवाई करने के बजाय आंदोलन कर रहे छात्रों पर बल प्रयोग किया गया।
उन्होंने कहा कि सरकार और प्रशासन को छात्रों से माफी मांगनी चाहिए। पप्पू यादव ने आरोप लगाया कि बिहार पुलिस की कार्रवाई बेहद दुर्भाग्यपूर्ण रही और जिन पुलिसकर्मियों ने छात्रों पर बल प्रयोग किया, उनकी पहचान कर तत्काल कार्रवाई की जानी चाहिए।
सांसद ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांग रखने वाले छात्रों के साथ इस तरह का व्यवहार स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
पप्पू यादव ने कहा कि वे छात्रों के अधिकार और न्याय की लड़ाई संसद से लेकर सड़क तक जारी रखेंगे। उन्होंने सरकार से पेपर लीक मामले में जिम्मेदार लोगों पर कठोर कार्रवाई करने की मांग की।
गौरतलब है कि इससे पहले भी पप्पू यादव लोकसभा में तख्ती लेकर पहुंचे थे और छात्रों पर हुई कार्रवाई को लेकर सरकार से जवाब मांगा था। उन्होंने सवाल उठाया था कि क्या अपने अधिकारों की मांग करना अपराध है।
















