


भागलपुर : बिहपुर प्रखंड के मड़वा गांव स्थित प्रसिद्ध बाबा ब्रजलेश्वरनाथ धाम में गुरुवार से शुरू होने वाले 30 दिवसीय सावन बहार महोत्सव एवं श्रावणी मेले का बुधवार को विधिवत शुभारंभ किया गया। उद्घाटन के साथ ही पूरा मंदिर परिसर ‘बोल बम’ के जयघोष से गुंजायमान हो उठा।

मंदिर परिसर में आयोजित उद्घाटन समारोह का शुभारंभ जिला परिषद सदस्य रेणू चौधरी, मुखिया प्रतिनिधि मनोरंजन राय, मंदिर सह मेला कमेटी के अध्यक्ष मनोहर चौधरी, सचिव श्यामसुंदर राय, कोषाध्यक्ष सह पंचायत समिति सदस्य विमल शर्मा, झंडापुर थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार, इंजीनियर सोनू मिश्रा, महंत राजेंद्र दास, पूर्व मुखिया नरेश चौधरी एवं ज्ञानदेव कुमार सहित अन्य गणमान्य लोगों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम का संचालन मृत्युंजय पाठक ने किया।
इस अवसर पर दीनबंधु, चंदन भारद्वाज, गोपाल चौधरी, विलाश कुंवर, चंदन, डब्लू राय, किशो राय, रामदेव मंडल, सुधीर पासवान, विजय राय, आशुतोष, रितेश, संजय पांडेय, वीर कुंवर सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
मेला समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि सावन की पहली सोमवारी 3 अगस्त को है। सावन माह के प्रत्येक रविवार की देर रात बड़ी संख्या में कांवरिया अगुवानी एवं सुल्तानगंज से गंगाजल भरकर लगभग 40 किलोमीटर की नंगे पांव पैदल यात्रा करते हुए सोमवार की सुबह बाबा ब्रजलेश्वरनाथ धाम पहुंचेंगे और भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे।
श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मेला समिति की ओर से सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यापक तैयारियां की गई हैं, ताकि पूरे श्रावणी मेले का आयोजन शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
















