
प्रभात कॉलोनी के मध्य विद्यालय में लगा शिविर, महापौर विभा कुमारी ने किया निरीक्षण; लंबित आवेदनों का समय-सीमा में निष्पादन करने का निर्देश
पूर्णिया। नगर निगम की विभिन्न सेवाओं को आम लोगों तक सहजता से पहुंचाने और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंगलवार को प्रभात कॉलोनी स्थित मध्य विद्यालय, डॉनर चौक में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में वार्ड संख्या 19, 30 और 31 के लोगों की अच्छी-खासी भीड़ उमड़ी। लोगों ने पेयजल, सड़क, नाला, स्ट्रीट लाइट, होल्डिंग टैक्स, भवन नक्शा, पेंशन, जन्म-मृत्यु प्रमाण-पत्र सहित नगर निगम की विभिन्न सेवाओं से संबंधित आवेदन जमा किए।

शिविर में एक ही परिसर में नगर निगम की अलग-अलग शाखाओं के स्टॉल लगाए गए थे। इससे लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए निगम कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का चक्कर लगाने से राहत मिली। संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर मौजूद रहकर नागरिकों की शिकायतें सुन रहे थे तथा प्राप्त आवेदनों का पंजीकरण कर रहे थे।
एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गईं विभिन्न विभागों की सेवाएं
सहयोग शिविर में स्वास्थ्य, प्रकाश, आवास, सैरात, होल्डिंग टैक्स, मुद्रा ऋण एवं पीएम स्वनिधि, सफाई, भवन मानचित्र, मत्स्य, पेयजल, आपूर्ति, सड़क एवं नाला योजना, अतिक्रमण मापी, व्यापार अनुज्ञप्ति, पेंशन, जन्म-मृत्यु प्रमाण-पत्र और समाज कल्याण सहित विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए थे। इन स्टॉलों के माध्यम से लोगों को संबंधित सेवाओं की जानकारी देने के साथ उनकी समस्याओं और शिकायतों से जुड़े आवेदन प्राप्त किए गए।
महापौर ने किया स्टॉलों का निरीक्षण, अधिकारियों को दिए निर्देश
इस अवसर पर पहुंचीं महापौर विभा कुमारी ने शिविर में लगाए गए सभी स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों से प्राप्त आवेदनों तथा उनके निष्पादन की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। महापौर ने लंबित आवेदनों पर प्राथमिकता के आधार पर नियमानुसार शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

महापौर विभा कुमारी ने कहा कि नगर निगम का प्रयास है कि शहरवासियों को निगम से जुड़ी विभिन्न सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर सरलता और सहजता से मिले। सहयोग शिविर के माध्यम से लोगों को अपनी समस्याएं और शिकायतें रखने का अवसर मिल रहा है। हमारा उद्देश्य केवल आवेदन प्राप्त करना नहीं, बल्कि प्रत्येक समस्या का प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को जवाबदेही के साथ निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदनों का निष्पादन करने का निर्देश दिया गया है।
उन्होंने कहा कि कई बार छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए भी लोगों को नगर निगम कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ते हैं। सहयोग शिविर इस परेशानी को दूर करने की सार्थक पहल है। जो आवेदन किसी कारणवश लंबित हैं, उनके निष्पादन के लिए भी आवश्यक पहल की जा रही है।
स्वच्छ और विकसित पूर्णिया बनाने में नागरिकों की सहभागिता जरूरी
महापौर ने कहा कि नगर निगम शहरवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और पूर्णिया को स्वच्छ, सुंदर एवं विकसित शहर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इस लक्ष्य को प्राप्त करने में शहरवासियों की सहभागिता भी बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने इस जनहितकारी पहल के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी एवं नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा के प्रति आभार व्यक्त किया।
साथ ही शहरवासियों से अपील की कि वे सहयोग शिविर में पहुंचकर नगर निगम की विभिन्न सेवाओं का लाभ उठाएं और अपनी समस्याओं एवं सुझावों से निगम को अवगत कराएं, ताकि उनका समय पर समाधान किया जा सके।
जनप्रतिनिधियों और निगम कर्मियों की रही मौजूदगी
शिविर में वार्ड पार्षद कुमारी खुशबू, अंजनी साह, राकेश राय, अभिजीत कुमार उर्फ निप्पू पासवान, स्वपन घोष, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि आशीष पोद्दार, कुणाल किशोर, बहादुर यादव, मनोज साह, संजीत चौधरी, प्रधान सहायक उमेश यादव, सिटी मैनेजर पवन कुमार पवन सहित सैकड़ों की संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।















