


नवगछिया : सावन माह के प्रथम दिन से नवगछिया का सबसे प्राचीन एवं प्रसिद्ध जगतपति नाथ महादेव मंदिर शिवभक्तों के स्वागत के लिए पूरी तरह सज-धजकर तैयार है। मंदिर परिसर को आकर्षक फूलों, रंग-बिरंगी विद्युत सज्जा एवं विशेष धार्मिक सजावट से भव्य स्वरूप दिया गया है, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।

सावन माह में बड़ी संख्या में कांवड़िया बरारी गंगा घाट से पवित्र गंगाजल लेकर पैदल यात्रा करते हुए मंदिर पहुंचेंगे और भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करेंगे। इसे लेकर मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक व्यवस्था की है। मंदिर परिसर में स्वच्छता, पेयजल, विश्राम, दर्शन एवं सुचारु आवागमन के विशेष इंतजाम किए गए हैं।
मंदिर प्रबंधन समिति ने शिवभक्तों से अधिक से अधिक संख्या में मंदिर पहुंचकर भगवान जगतपति नाथ महादेव का जलाभिषेक एवं दर्शन करने की अपील की है। सावन की शुरुआत के साथ ही मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने की संभावना को देखते हुए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।















