


पूर्णिया : युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मिल्लिया इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एमआईटी), रामबाग में शनिवार को विशाल जॉब मेले का आयोजन किया गया। इसमें 700 से अधिक अभ्यर्थियों ने भाग लिया। मेले में टेकवीन आईटी सॉल्यूशंस, टाटा मोटर्स, मारुति सुजुकी, टोयोटा, पैनोरमा ग्रुप, पेरीकैप ग्लोबल, हायर रिक्वायरमेंट, विजन इंडिया, बायोल्यूनर एनर्जी और हैब्री एडटेक सहित कई कंपनियों ने विभिन्न पदों के लिए चयन प्रक्रिया संचालित की।

कार्यक्रम का उद्घाटन एमआईटी के निदेशक डॉ. असद इमाम, प्राचार्य डॉ. साकिब शकील, पूर्णिया विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. विवेकानंद सिंह, लीगल एडवाइजर कैसर इमाम तथा विभिन्न कंपनियों के एचआर प्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
निदेशक डॉ. असद इमाम ने कहा कि संस्थान का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा के साथ उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप तैयार कर बेहतर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। कुलपति डॉ. विवेकानंद सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में डिग्री के साथ कौशल और व्यावहारिक ज्ञान भी आवश्यक है तथा ऐसे जॉब मेले युवाओं को उद्योग जगत से सीधे जुड़ने का अवसर प्रदान करते हैं।
प्राचार्य डॉ. साकिब शकील ने कहा कि संस्थान रोजगारोन्मुख शिक्षा, कौशल विकास और प्लेसमेंट गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयासरत है। वहीं, ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट ऑफिसर प्रो. ओबैदुर रहमान ने बताया कि अभ्यर्थियों का पंजीकरण, लिखित परीक्षा और तकनीकी व एचआर साक्षात्कार के माध्यम से चयन प्रक्रिया पूरी की गई। कई अभ्यर्थियों का प्रारंभिक चयन किया गया, जबकि अन्य को अगले चरण के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है। अंतिम परिणाम एक से दो सप्ताह के भीतर घोषित किए जाने की संभावना है।
कार्यक्रम में संस्थान के विभागाध्यक्ष, शिक्षक, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। प्रतिभागियों और कंपनियों के प्रतिनिधियों ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे युवाओं के लिए उपयोगी पहल बताया।
















