


पूर्णिया : जी.डी. गोयनका स्कूल, पूर्णिया के खिलाड़ियों ने रांची में आयोजित सीबीएसई ईस्ट ज़ोन तीरंदाजी चैम्पियनशिप-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए एक स्वर्ण और दो कांस्य पदक जीतकर विद्यालय का नाम रोशन किया। 27 से 30 जुलाई तक टॉरियन वर्ल्ड स्कूल, रांची में आयोजित प्रतियोगिता में करीब 700 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।

विद्यालय की छात्रा सौम्या कुमारी (कक्षा नौ) ने अंडर-14 बालिका व्यक्तिगत रैंकिंग राउंड में स्वर्ण पदक जीता। वहीं उन्होंने आनंद राज के साथ अंडर-14 मिश्रित टीम स्पर्धा में कांस्य पदक भी अपने नाम किया। आनंद राज ने व्यक्तिगत स्पर्धा में भी कांस्य पदक हासिल किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सौम्या कुमारी को प्रतियोगिता का ‘बेस्ट आर्चर अवार्ड’ प्रदान किया गया। साथ ही उनका चयन आगामी सीबीएसई राष्ट्रीय तीरंदाजी चैम्पियनशिप के लिए हुआ है, जिसका आयोजन हरियाणा के पानीपत में होगा।
विद्यालय के कोच बिप्लब सिंघा करजी के मार्गदर्शन और टीम प्रबंधक अलीना प्रधान के सहयोग को खिलाड़ियों की सफलता का प्रमुख आधार बताया गया। विद्यालय के अध्यक्ष डॉ. पीयूष अग्रवाल, उपाध्यक्ष शैलेन्द्र कुमार गुप्ता, प्राचार्या पुलोमा नंदी सहित विद्यालय परिवार ने सभी विजेता खिलाड़ियों, कोच और टीम प्रबंधक को बधाई देते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।
















