


नवगछिया। नवगछिया अनुमंडल के गोपालपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत हरनाथचक गांव में शनिवार को एक आवारा कुत्ते के हमले में 6 वर्षीय मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया। कुत्ते ने बच्चे के दाहिने हाथ का अंगूठा काटकर अलग कर दिया। घटना के बाद परिजनों में अफरा-तफरी मच गई और आनन-फानन में बच्चे को इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल नवगछिया लाया गया।
घायल बच्चे की पहचान हरनाथचक निवासी सुग्रीव सिंह (6 वर्ष), पिता कृष्णा सिंह के रूप में हुई है। बच्चे की मां सरस्वती कुमारी ने बताया कि उनका पुत्र घर के बाहर अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान अचानक एक आवारा कुत्ते ने उस पर हमला कर दिया और दाहिने हाथ का अंगूठा काटकर अलग कर दिया। घटना इतनी अचानक हुई कि आसपास के लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया।
परिजन कटे हुए अंगूठे को साथ लेकर घायल बच्चे को तत्काल अनुमंडल अस्पताल नवगछिया पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (मायागंज), भागलपुर रेफर कर दिया।
अनुमंडल अस्पताल के इमरजेंसी में तैनात डॉ. केशव ने बताया कि बच्चे के दाहिने हाथ का अंगूठा पूरी तरह कटकर अलग हो गया है। ऐसे मामलों में उच्च स्तरीय प्लास्टिक एवं माइक्रो सर्जरी की आवश्यकता होती है। इसलिए बच्चे को मायागंज अस्पताल भेजा गया है, जहां अंगूठे को पुनः जोड़ने का प्रयास किया जाएगा, ताकि हाथ की कार्यक्षमता अधिक से अधिक सुरक्षित रखी जा सके।
घटना के बाद बच्चे के परिजन काफी सदमे में हैं। वहीं हरनाथचक गांव में आवारा कुत्तों के बढ़ते आतंक को लेकर ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है। लोगों ने प्रशासन से आवारा कुत्तों पर नियंत्रण के लिए शीघ्र प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की है।
















