


भागलपुर। देवाधिदेव महादेव की आराधना के पावन पर्व श्रावण मास को लेकर भागलपुर के ऐतिहासिक एवं प्रसिद्ध बाबा बुढ़ानाथ मंदिर में तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। इस वर्ष श्रावण मास में पड़ने वाली चारों सोमवारी को लेकर मंदिर प्रबंधन समिति ने व्यापक कार्ययोजना तैयार की है। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और धार्मिक आयोजनों को भव्य स्वरूप देने के उद्देश्य से महंत श्री शिव नारायण गिरी महाराज की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में निर्णय लिया गया कि श्रावण मास के दौरान प्रतिदिन प्रातः 4 बजे सरकारी पूजा एवं मंगला आरती के उपरांत मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोल दिए जाएंगे। पूरे माह बाबा बुढ़ानाथ का विशेष पूजन, रुद्राभिषेक, जलाभिषेक, भजन-कीर्तन एवं अन्य धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जाएगा। मंदिर परिसर को आकर्षक विद्युत सज्जा एवं रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं को दिव्य एवं भक्तिमय वातावरण का अनुभव हो सके।
मंदिर प्रबंधक वाल्मीकि सिंह, रुद्र प्रताप (दीपक सिंह) एवं विनोद जी ने बताया कि चारों सोमवारी पर बाबा बुढ़ानाथ का अलग-अलग स्वरूप में विशेष शृंगार किया जाएगा। पहली सोमवारी को विविध प्रकार के सुगंधित फूलों से, दूसरी सोमवारी को बनारस के कलाकारों द्वारा विशेष थीम पर सजावट, तीसरी सोमवारी को विभिन्न फलों से तथा चौथी सोमवारी को गुलाब के फूलों से भव्य शृंगार किया जाएगा। वहीं श्रावण पूर्णिमा के अवसर पर बाबा का आकर्षक बर्फ शृंगार श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेगा। सजावट के लिए कोलकाता एवं स्थानीय कारीगरों की सेवाएं ली जा रही हैं तथा विशेष फूल बंगाल से मंगाए जा रहे हैं।
श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए मंदिर परिसर में बैरिकेडिंग, कतारबद्ध दर्शन व्यवस्था, शुद्ध गंगाजल, पेयजल, साफ-सफाई एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की विशेष व्यवस्था की जाएगी। साथ ही जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के सहयोग से सुरक्षा, यातायात नियंत्रण और भीड़ प्रबंधन के लिए भी व्यापक इंतजाम किए जाएंगे, ताकि दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
श्रावण मास की प्रत्येक सोमवारी की संध्या में प्रसिद्ध स्थानीय एवं बाहरी कलाकारों द्वारा भव्य भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। शिव भजनों और धार्मिक प्रस्तुतियों से पूरा मंदिर परिसर शिवमय वातावरण में सराबोर रहेगा।
बैठक में डॉ. अजय भारती, रमन सिंह, बबलू शर्मा, राकेश कुमार, विशाल कुमार, नीतीश केसरी, आदित्य पांडे, सार्थक राय, हर्ष कुमार, पीयूष, विष्णु, अमर, मुकुंद, रवि, शुक्ला जी, गुड्डू राय, रवि गुप्ता सहित मंदिर प्रबंधन समिति के अनेक सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने श्रावण मास को श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं यादगार बनाने का संकल्प लिया।















