5
(2)

बथान बनाने को लेकर हुआ विवाद, लाठी-डंडे व ईंट से हमला करने का आरोप; पत्नी और पुत्र भी घायल

नवगछिया पुलिस जिले के खरीक थाना क्षेत्र के तेलघी गांव में मंगलवार दोपहर जमीन विवाद को लेकर हुई मारपीट में 55 वर्षीय पंडित अतिनंदन चौधरी की मौत हो गई। मृतक के पुत्र गौतम कुमार चौधरी ने अपने दो चाचा समेत अन्य परिजनों पर मारपीट कर पिता की हत्या करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

मारपीट की घटना में मृतक की पत्नी नूतन देवी और पुत्र गोविंद कुमार के भी घायल होने की सूचना है। दोनों का स्थानीय स्तर पर इलाज कराया जा रहा है। वहीं, गंभीर रूप से घायल पंडित अतिनंदन चौधरी को परिजन आनन-फानन में इलाज के लिए जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल, भागलपुर ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

गायों के लिए बथान बनाने के दौरान बढ़ा विवाद

मृतक के पुत्र गौतम कुमार चौधरी के अनुसार, उनके पिता पांच भाई थे, जिनमें से एक भाई की पहले ही मृत्यु हो चुकी है। सभी भाइयों के बीच जमीन का बंटवारा हो चुका था। जमीन के बंटवारे को लेकर करीब दो माह पहले पंचायती भी हुई थी, जिसमें सभी पक्षों के बीच सहमति बनी थी।

गौतम के अनुसार, पिछले दिनों निर्माण कार्य को लेकर भी विवाद हुआ था। उस समय सभी हिस्सेदार थाना पहुंचे थे। थाना स्तर से सभी पक्षों को विवाद से बचने की सलाह दी गई थी। कहा गया था कि यदि निर्माण कार्य रोकना है तो सभी भाई काम रोकें और यदि निर्माण करना है तो आपसी सहमति से किया जाए।

परिजनों के मुताबिक, मंगलवार दोपहर करीब दो बजे पंडित अतिनंदन चौधरी अपने हिस्से की जमीन पर गायों को रखने के लिए बथान का निर्माण करा रहे थे। इसी दौरान पड़ोस के कुछ लोग वहां पहुंचे और निर्माण कार्य का विरोध करने लगे। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई।

लाठी-डंडे और ईंट से हमला करने का आरोप

गौतम कुमार चौधरी का आरोप है कि मारपीट के दौरान उनकी मां नूतन देवी और भाई गोविंद कुमार पिता को बचाने पहुंचे, तो उनके साथ भी मारपीट की गई। परिजनों का आरोप है कि इसी दौरान लाठी-डंडे और ईंट से पंडित अतिनंदन चौधरी की कनपटी पर प्रहार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े।

आसपास के लोगों के पहुंचने के बाद मारपीट में शामिल लोग वहां से चले गए। इसके बाद परिजन घायल पंडित अतिनंदन चौधरी को इलाज के लिए भागलपुर लेकर पहुंचे, लेकिन अस्पताल में चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

दो चाचा समेत अन्य पर हत्या का आरोप

मृतक के पुत्र गौतम कुमार ने अपने चाचा विधान चौधरी, भगवान चौधरी, चचेरे भाई आलोक राज समेत अन्य लोगों पर मारपीट कर पिता की हत्या करने का आरोप लगाया है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही खरीक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस ने परिजनों से घटना के संबंध में पूछताछ की है। प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

डीएम के निर्देश पर देर रात हुआ पोस्टमार्टम

मौत के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। भागलपुर के जिलाधिकारी के निर्देश पर देर रात शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

इधर, घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जमीन विवाद को लेकर हुई मारपीट में परिवार के एक सदस्य की मौत से गांव में भी शोक और तनाव का माहौल बना हुआ है।

पुलिस कर रही मामले की जांच

नवगछिया एसपी वैभव शर्मा ने बताया कि मारपीट के बाद एक व्यक्ति की मौत होने की सूचना मिली है। खरीक पुलिस मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई कर रही है। मामले में कानून के अनुसार कार्रवाई की जा रही है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 2

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: