5
(2)

भाकपा नेताओं ने गरीब, शोषित और मेहनतकश लोगों के हित में महेंद्र यादव के संघर्ष को किया याद, अधूरे कार्यों को पूरा करने का लिया संकल्प

नवगछिया । भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) की ओर से शुक्रवार को गोपालपुर के लतरा गांव स्थित कामरेड महेंद्र यादव स्मारक स्थल पर उनकी 26वीं पुण्यतिथि मनाई गई। इस अवसर पर विशाल संकल्प सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पार्टी के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने कामरेड महेंद्र यादव को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके संघर्ष और सामाजिक योगदान को याद किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉमरेड ब्रह्मदेव यादव एवं दामोदर भगत ने संयुक्त रूप से की। पार्टी के जिला कार्यकारिणी सदस्य गणेश सिंह ने झंडोत्तोलन किया। इसके बाद आयोजित सभा में वक्ताओं ने कामरेड महेंद्र यादव के व्यक्तित्व और उनके सामाजिक एवं राजनीतिक संघर्षों पर विस्तार से चर्चा की।

सभा को संबोधित करते हुए भाकपा के पूर्व जिला सचिव बालेश्वर गुप्ता ने कहा कि कामरेड महेंद्र यादव गरीबों, शोषितों और मेहनतकश लोगों की आवाज थे। उन्होंने समाज के कमजोर और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए लगातार संघर्ष किया। उनके जीवन का उद्देश्य आम लोगों के बीच रहकर उनकी समस्याओं को उठाना और उनके हक के लिए संघर्ष करना था।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में भी गरीब और मेहनतकश वर्ग के सामने कई तरह की चुनौतियां हैं। ऐसे में कामरेड महेंद्र यादव के विचार और संघर्ष कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा का काम करते हैं। उनके अधूरे कार्यों और जनहित के मुद्दों को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

संकल्प सभा में पार्टी के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने स्थानीय समस्याओं और आम लोगों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी विचार व्यक्त किए। सभा को शिवचंद्र सिंह, गौतम कुमार प्रीतम, ब्रह्मदेव यादव, संतोष कुमार, परमानंद मंडल समेत अन्य नेताओं ने संबोधित किया। वक्ताओं ने कामरेड महेंद्र यादव के संघर्षपूर्ण जीवन और पार्टी के प्रति उनके योगदान को याद करते हुए उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने की बात कही।

कार्यक्रम के अंत में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से संकल्प लिया कि वे कामरेड महेंद्र यादव के अधूरे कार्यों को आगे बढ़ाने तथा गरीब, शोषित और मेहनतकश लोगों के अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखेंगे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने उनके बताए रास्ते पर चलने का संकल्प भी लिया।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 2

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: