


महादेवपुर घाट पर स्नान के दौरान तीन बच्चे डूबे, दो को बचाया, एक लापता
अंतिम संस्कार कार्यक्रम के सिलसिले में घाट पहुंचे थे बच्चे, गहरे पानी में जाने के बाद हुआ हादसा; लापता अभिषेक की तलाश में जुटे परिजन और स्थानीय लोग
नवगछिया। जाह्नवी चौक स्थित महादेवपुर घाट पर शुक्रवार को स्नान करने के दौरान तीन बच्चे गहरे पानी में चले गए। बच्चों को डूबता देख घाट पर मौजूद लोगों ने तत्काल पानी में उतरकर बचाव का प्रयास किया। लोगों की तत्परता से दो बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि एक बच्चा गहरे पानी में चला गया और लापता हो गया। घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई।

लापता किशोर की पहचान रंगरा चौक थाना क्षेत्र के भवानीपुर गांव निवासी मनोज यादव के 13 वर्षीय पुत्र अभिषेक कुमार के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार अभिषेक अंतिम संस्कार कार्यक्रम के सिलसिले में नवगछिया के भवानीपुर गांव से महादेवपुर घाट पहुंचा था। इसी दौरान वह अन्य दो बच्चों के साथ स्नान करने के लिए नदी में गया। स्नान करते समय तीनों बच्चे अचानक गहरे पानी की ओर चले गए और डूबने लगे।
बच्चों को डूबता देखकर घाट पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया और तत्काल बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों के प्रयास से दो बच्चों को पानी से बाहर निकाल लिया गया। हालांकि अभिषेक गहरे पानी में चला गया। काफी प्रयास के बावजूद उसका पता नहीं चल सका।

हादसे के बाद घाट पर मची अफरा-तफरी
अभिषेक के लापता होने की जानकारी मिलते ही घाट पर मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग नदी में उतरकर और आसपास के हिस्सों में उसकी तलाश करने लगे। सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची । वहीं बेटे के लापता होने की खबर मिलते ही परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि गंगा नदी में पानी की गहराई और तेज बहाव के कारण लापता किशोर की तलाश में परेशानी हो रही है। इसके बावजूद ग्रामीण लगातार अपने स्तर से नदी में उसकी तलाश कर रहे हैं।
रेस्क्यू अभियान की तैयारी
घटना की सूचना प्रशासन को दे दी गई है। लापता किशोर की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान चलाने की तैयारी की जा रही है। स्थानीय लोगों की मदद से भी नदी में संभावित स्थानों पर किशोर की तलाश की जा रही है। प्रशासनिक स्तर पर बचाव दल को मौके पर भेजने की कार्रवाई की जा रही है। खबर लिखे जाने तक देर शाम तक किशोर को ढूँढा जा रहा था ।
















