5
(2)

अमृत फेज-2 व स्ट्रॉम वाटर ड्रेनेज सिस्टम के तहत जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने का प्रस्ताव, रिवर फ्रंट, आधुनिक हाट बाजार और ग्रीन जोन विकसित करने की भी मांग

पूर्णिया । पूर्णिया सदर विधायक विजय खेमका ने पटना में नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा से मुलाकात कर पूर्णिया नगर निगम के विकास, जल निकासी व्यवस्था और विभिन्न लंबित योजनाओं की प्रगति को लेकर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान विधायक ने पूर्णिया शहर के समग्र विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव मंत्री के समक्ष रखते हुए योजनाओं की शीघ्र स्वीकृति एवं आवश्यक कार्रवाई का आग्रह किया।

विधायक ने विशेष रूप से अमृत फेज-2 एवं स्ट्रॉम वाटर ड्रेनेज सिस्टम के तहत पूर्णिया शहर में जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए प्रस्तावित 14 प्रमुख नाला निर्माण योजनाओं को शीघ्र स्वीकृति देने की मांग की। उन्होंने कहा कि शहर में बेहतर ड्रेनेज व्यवस्था विकसित होने से जलजमाव की समस्या को काफी हद तक दूर किया जा सकेगा और बरसात के दौरान आम लोगों को होने वाली परेशानी से राहत मिलेगी।

प्रस्तावित नाला योजनाओं में गुलाबबाग जीरो माइल से सोनौली चौक होते हुए मानुषमारा धार, लाइन बाजार से कुंदीपुल, बिहार टॉकीज मोड़ से रामबाग होते हुए रेलवे गुमटी, लाइन बाजार होप अस्पताल से भूतनाथ मंदिर होते हुए लालगंज नाला निशा स्कूल, अरबिया कॉलेज से नेवालाल चौक नाला, हांसदा रोड से शास्त्री नगर होते हुए जीरो माइल, डॉ. केएन सिंह से भाया हजरतगंज रूईगोला पुल, सिंघिया टोला-बेगमबाग से आनंदी ठाकुर के घर तक तथा मेन रोड में अजय साह के घर से बुध्धु साह के घर तक, नाका चौक पूर्णिया सिटी से पुराणदेवी मंदिर तक, हुसैन चौक से चिमनी बाजार होते हुए दरगाह शरीफ तक, रामबाग-पंचवटी कॉलोनी से भय भावेश चौधरी बांध तक, सोनौली चौक से बजाज स्कूल चंदननगर चौक तथा डोनर चौक से जनता चौक होते हुए डीआईजी क्षेत्र तक नाला निर्माण शामिल है।

विधायक ने कहा कि इन योजनाओं के क्रियान्वित होने से शहर के विभिन्न हिस्सों में जल निकासी की व्यवस्था मजबूत होगी। इससे बरसात के दिनों में जलजमाव से होने वाली परेशानी कम करने के साथ शहर की साफ-सफाई एवं नागरिक सुविधाओं को भी बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

सौरा नदी पर रिवर फ्रंट विकसित करने का प्रस्ताव

मुलाकात के दौरान विधायक विजय खेमका ने पूर्णिया शहर के सौंदर्यीकरण और नागरिक सुविधाओं के विस्तार से जुड़े कई अन्य प्रस्ताव भी मंत्री के समक्ष रखे। उन्होंने सौरा नदी पर रिवर फ्रंट डेवलपमेंट का प्रस्ताव देते हुए नदी क्षेत्र को व्यवस्थित एवं आकर्षक स्वरूप देने की दिशा में पहल करने का आग्रह किया।

इसके साथ ही खुश्कीबाग बाजार, भट्ठा बाजार एवं मधुबनी बाजार को आधुनिक हाट बाजार के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव रखा गया। विधायक ने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त बाजार विकसित होने से व्यापारिक गतिविधियों को बेहतर आधार मिलेगा और शहर के बाजार क्षेत्रों का व्यवस्थित विकास हो सकेगा।

कई क्षेत्रों को ग्रीन जोन बनाने का प्रस्ताव

विधायक ने पूर्णिया शहर के प्रमुख क्षेत्रों में हरियाली और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से गुलाबबाग मेला ग्राउंड, डीएवी, रामबाग एवं बनभाग-मधुबनी क्षेत्र को ग्रीन जोन के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव भी रखा। उन्होंने शहर के विकास के साथ पर्यावरण संतुलन और नागरिकों के लिए बेहतर सार्वजनिक वातावरण तैयार करने की आवश्यकता पर जोर दिया।

भूमिहीन परिवारों के लिए आधुनिक बहुमंजिला आवास का प्रस्ताव

विधायक ने शहर के भूमिहीन परिवारों के लिए रजनी चौक एवं बिहार टॉकीज के समीप आधुनिक बहुमंजिला आवास निर्माण का प्रस्ताव भी मंत्री के समक्ष रखा। उन्होंने कहा कि व्यवस्थित आवासीय सुविधा उपलब्ध कराने से जरूरतमंद परिवारों को बेहतर आवास का लाभ मिल सकेगा और शहर के नियोजित विकास को भी गति मिलेगी।

नगर निगम को अधिक वित्तीय संसाधन उपलब्ध कराने का आग्रह

विधायक विजय खेमका ने पूर्णिया नगर निगम को विकास योजनाओं के लिए छठी वित्त, 15वीं एवं 16वीं वित्त आयोग सहित अन्य मदों से मिलने वाली राशि में वृद्धि करने का आग्रह भी नगर विकास एवं आवास मंत्री से किया। उन्होंने कहा कि पर्याप्त वित्तीय संसाधन उपलब्ध होने से नगर निगम क्षेत्र में सड़क, नाला, जल निकासी, सौंदर्यीकरण, हरियाली एवं अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़ी योजनाओं को गति दी जा सकेगी।

मंत्री ने आवश्यक कार्रवाई का दिया आश्वासन

नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा ने विधायक द्वारा रखे गए प्रस्तावों को लेकर आश्वस्त किया कि पूर्णिया नगर निगम को सुविधायुक्त और विकसित बनाने की दिशा में उनके द्वारा दिए गए प्रस्तावों पर गंभीरतापूर्वक विचार किया जाएगा तथा आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

मुलाकात के दौरान विधायक ने मंत्री नीतीश मिश्रा को पूर्णिया आने का आमंत्रण भी दिया। विधायक ने उम्मीद जताई कि शहर के विकास से जुड़ी इन योजनाओं पर आगे सकारात्मक पहल होगी और पूर्णिया नगर निगम क्षेत्र में नागरिक सुविधाओं के विस्तार को नई गति मिलेगी।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 2

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: