5
(2)

प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। जिले के प्रभारी मंत्री नितीश मिश्रा ने रविवार को भागलपुर के विभिन्न बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर जिला प्रशासन की ओर से संचालित राहत एवं बचाव कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बरारी, पॉलिटेक्निक कॉलेज तथा सीटीएस, नाथनगर स्थित राहत शिविरों का जायजा लिया।
प्रभारी मंत्री ने राहत शिविरों में रह रहे बाढ़ प्रभावित लोगों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने शिविरों में उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की विस्तृत जानकारी लेते हुए सामुदायिक रसोई के संचालन, भोजन की गुणवत्ता एवं नियमितता, पेयजल, चिकित्सा एवं दवाओं की उपलब्धता तथा स्वास्थ्य शिविरों के संचालन की स्थिति की समीक्षा की।


उन्होंने अस्थायी रूप से संचालित विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों को उपलब्ध कराए जा रहे दूध एवं अन्य पोषण सुविधाओं तथा पशुओं के लिए चारा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि राहत शिविरों में रह रहे प्रभावित लोगों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। भोजन, पेयजल, स्वास्थ्य, दवा, स्वच्छता, बच्चों की शिक्षा एवं पोषण समेत सभी आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि राहत शिविरों में उपलब्ध सुविधाओं और आवश्यक वस्तुओं की नियमित समीक्षा की जाए तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल अतिरिक्त व्यवस्था की जाए। जगदीशपुर एवं नाथनगर के अंचल अधिकारियों को भी निर्देशित किया गया कि शिविरों में किसी भी आवश्यक सुविधा की कमी नहीं होनी चाहिए और प्रभावित परिवारों की जरूरतों पर विशेष ध्यान देते हुए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
प्रभारी मंत्री ने राहत शिविरों में रह रहे लोगों से भोजन, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य सुविधाओं के संबंध में फीडबैक एवं सुझाव भी प्राप्त किए। प्रभावित लोगों ने शिविरों में उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के संबंध में अपनी बातें साझा कीं।
श्री नितीश मिश्रा ने कहा कि बिहार सरकार बाढ़ प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता और राहत उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। जिला प्रशासन द्वारा संचालित राहत एवं बचाव कार्यों की लगातार निगरानी की जा रही है और प्रभावित लोगों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की कमी नहीं होने दी जाएगी।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 2

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: