


नवगछिया। शादी का झांसा देकर युवती को करीब 20 दिनों तक घर में रखने और उसके साथ दुष्कर्म करने के आरोप में नवगछिया महिला थाना पुलिस ने आरोपी की मां को गिरफ्तार किया है। मामले में पीड़िता ने 11 सितंबर को महिला थाना में आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई थी।
पीड़िता ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया कि खरीक थाना क्षेत्र निवासी मनीष कुमार ने उसे शादी का झांसा देकर अपने घर में करीब 20 दिनों तक रखा। इस दौरान उसके साथ दुष्कर्म किया गया। शिकायत के आधार पर नवगछिया महिला थाना में कांड संख्या 49/26 दर्ज किया गया।

मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 12 सितंबर को आरोपी मनीष कुमार की मां वीणा देवी, पति नंदकिशोर रविदास, निवासी खरीक थाना क्षेत्र, भागलपुर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

गिरफ्तार महिला को न्यायिक प्रक्रिया के तहत न्यायालय में प्रस्तुत करने की कार्रवाई की गई। पुलिस ने बताया कि मामले में अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
















