


पूर्णिया । हिंदी दिवस के अवसर पर विद्या विहार रेजिडेंशियल स्कूल, परोरा में हिंदी भाषा और साहित्य के प्रति विद्यार्थियों में रुचि विकसित करने के उद्देश्य से भाषण, काव्य-पाठ एवं अलंकृत भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। कक्षा सात से दस तक के 40 विद्यार्थियों ने प्रतियोगिता में भाग लिया।
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने हिंदी भाषा की महत्ता, भारतीय संस्कृति एवं साहित्य, राष्ट्र निर्माण में हिंदी की भूमिका और वर्तमान समय में हिंदी की प्रासंगिकता जैसे विषयों पर अपने विचार रखे। काव्य-पाठ में विद्यार्थियों ने विभिन्न कविताओं का सस्वर वाचन किया। वहीं भाषण एवं अलंकृत भाषण प्रतियोगिता में भाषा-शुद्धता, उच्चारण, विषय की समझ, आत्मविश्वास और प्रस्तुति शैली के आधार पर विद्यार्थियों का मूल्यांकन किया गया।
कक्षा सात में बरुण कुमार बैद ने प्रथम, लक्ष्म्यवर्धन ने द्वितीय और समर्थ रसस्तोगी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कक्षा आठ में अभिनव रवि प्रथम, अमन राजन द्वितीय, वर्षा इस्लाम तृतीय और आरवी झा चतुर्थ रहे। कक्षा नौ में सोनाली सिंह ने प्रथम, मो. शकीब आलम ने द्वितीय, रियांक झा ने तृतीय और उग्र नारायण चौधरी ने चतुर्थ स्थान प्राप्त किया। कक्षा दस में प्रतिज्ञा राय प्रथम और राजवीर सिंह द्वितीय रहे।
विद्यालय के सचिव राजेश चंद्र मिश्रा और प्रधानाचार्य निखिल रंजन ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि हिंदी भाषा भारतीय सांस्कृतिक और साहित्यिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में भाषा के प्रति रुचि के साथ विचारों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने का आत्मविश्वास विकसित होता है।
कार्यक्रम के आयोजन में हिंदी विभागाध्यक्ष चंद्रकांत कुमार, राजीव रंजन पांडेय, अजीता मिश्रा और श्वेता आनंद का योगदान रहा। छात्राओं शुभांगी, सोफी और साक्षी ने मंच संचालन किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना की गई। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को बधाई दी गई और भविष्य में भी साहित्यिक एवं रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया गया।
















