


नवगछिया। सहौरा निवासी प्रशांत कुमार की करंट लगने से हुई मौत की जानकारी मिलने के बाद पूर्णिया सांसद पप्पू यादव रविवार देर शाम उनके पैतृक गांव पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर घटना पर संवेदना व्यक्त की और आर्थिक सहायता देकर परिवार को ढांढस बंधाया।

बताया गया कि शनिवार को प्रशांत कुमार बाढ़ प्रभावित माधवपुर पंचायत के विष्णुपुर गांव में बकाया किस्त की वसूली के लिए गए थे। इसी दौरान बाढ़ के पानी के बीच बिजली के पोल के संपर्क में आने से उन्हें करंट लग गया। हादसे में वह गंभीर रूप से झुलस गए। परिजन और स्थानीय लोग उन्हें इलाज के लिए ले गए, लेकिन उनकी मौत हो गई।
प्रशांत पांच भाइयों में सबसे बड़े थे। उनके छोटे भाई आयुष कुमार सेना में कार्यरत हैं। अन्य भाइयों में कृष्णा, सुशांत और पांडव शामिल हैं। बेटे की मौत के बाद पिता पप्पू यादव, मां आशा देवी सहित परिवार के अन्य सदस्य शोक में हैं।

सांसद पप्पू यादव ने परिजनों से घटना की जानकारी ली और उन्हें हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया। इस दौरान पूर्व मुखिया अशोक यादव, शिव कुमार यादव, संतोष यादव, शुभम यादव सहित अन्य लोग मौजूद रहे। ग्रामीणों ने भी शोकाकुल परिवार से मिलकर संवेदना व्यक्त की। घटना के बाद से गांव में शोक का माहौल है।
















