


नवगछिया के गोपालपुर प्रखंड के सुकटिया बाजार स्थित हनुमान मंदिर परिसर में स्थानीय युवाओं की ओर से लगातार नौवें वर्ष गणपति पूजा का आयोजन किया जा रहा है। गणेश चतुर्थी के अवसर पर सोमवार को वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ भगवान श्री गणेश की प्रतिमा स्थापित की गई। प्रतिमा स्थापना के बाद पूजा-अर्चना और आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। गणपति बप्पा के जयकारों से मंदिर परिसर का माहौल भक्तिमय हो गया।

पूजा-अर्चना का आयोजन सैदपुर के पंडित नवनीत झा ने वैदिक विधि से कराया। यजमान की भूमिका रवि कुमार साह ने निभाई। पंडित द्वारा मंत्रोच्चार के बीच भगवान गणेश का आह्वान कर पूजा की गई तथा पुष्प, अक्षत, दूर्वा, फल एवं नैवेद्य अर्पित किए गए। पूजा संपन्न होने के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।
गणपति पूजा के लगातार नौवें वर्ष आयोजित होने से स्थानीय युवाओं और श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। युवाओं ने बताया कि धार्मिक आस्था के साथ आपसी सहयोग और सामाजिक एकजुटता के उद्देश्य से प्रत्येक वर्ष गणपति पूजा का आयोजन किया जाता है। पूजा के दौरान आसपास के ग्रामीण भी मंदिर परिसर पहुंचकर भगवान गणेश के दर्शन कर रहे हैं।

आयोजन को सफल बनाने में स्थानीय युवा बढ़-चढ़कर जिम्मेदारी निभा रहे हैं। पूजा की व्यवस्था में रवि कुमार साह, संतोष पोद्दार, संजीव चौरसिया, बादल यादव, अभिषेक कुमार सहित अन्य युवाओं की सक्रिय भूमिका रही।
















