


पूर्णिया विधानसभा क्षेत्र के नगर एवं ग्रामीण इलाकों में आयोजित शिविरों में उमड़ी भीड़, त्योहारों से पहले साफ-सफाई और बुनियादी सुविधाएं दुरुस्त करने को कहा
पूर्णिया। पूर्णिया विधानसभा क्षेत्र में आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए आयोजित किए जा रहे सहयोग शिविरों का मंगलवार को पूर्णिया सदर विधायक विजय खेमका ने निरीक्षण किया। विधायक ने नगर निगम के जिला स्कूल परिसर तथा ईस्ट ब्लॉक के हरदा पंचायत स्थित पार्वती मंडल उच्च विद्यालय और भोगा करिया पंचायत भवन में जिला प्रशासन की ओर से आयोजित सहयोग शिविर का जायजा लिया। इस दौरान नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में महिला-पुरुष शिविर में पहुंचे और विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए आवेदन दिए।

शिविर में पहुंचकर विधायक ने अलग-अलग विभागों के काउंटर का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों से प्राप्त आवेदनों और उनके निष्पादन की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आम लोगों की ओर से दिए गए आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर उनका निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को अपनी छोटी-बड़ी समस्याओं के समाधान के लिए कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़े।
हर माह दो मंगलवार को आयोजित हो रहा सहयोग शिविर
विधायक विजय खेमका ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के निर्णय के बाद जून 2026 से प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को सहयोग शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों की विशेषता यह है कि आम लोगों को अलग-अलग सरकारी कार्यालयों में जाने के बजाय एक ही स्थान पर अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन देने का अवसर मिल रहा है।

उन्होंने बताया कि शिविरों में प्राप्त आवेदनों को संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादित करते हैं। इससे प्रशासन और आम नागरिकों के बीच सीधा संवाद भी स्थापित हो रहा है तथा लोगों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ लेने में सुविधा मिल रही है।
जिले में 27 हजार आवेदन, 25 हजार से अधिक का निष्पादन
विधायक ने बताया कि पूर्णिया जिले में अब तक आयोजित सहयोग शिविरों के माध्यम से करीब 27 हजार आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें से 25 हजार से अधिक आवेदनों का विभिन्न विभागों द्वारा निष्पादन किया जा चुका है। वहीं पूर्णिया विधानसभा क्षेत्र के पंचायत एवं नगर निगम क्षेत्रों में आयोजित सहयोग शिविरों में करीब चार हजार आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 3,500 से अधिक आवेदनों का निष्पादन किया जा चुका है।
उन्होंने प्रशासन द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए अधिकारियों से कहा कि जिन आवेदनों का निष्पादन अभी लंबित है, उन्हें भी निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा किया जाए। विधायक ने कहा कि सहयोग शिविर का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब आम लोगों को आवेदन देने के साथ-साथ उनकी समस्या का समय पर समाधान भी मिले।
पूजा और पर्वों से पहले शहर और गांवों में दुरुस्त हों व्यवस्थाएं
आगामी विश्वकर्मा पूजा, दुर्गापूजा, दीपावली एवं छठ महापर्व को देखते हुए विधायक ने नगर एवं पंचायत क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को समय से पहले दुरुस्त करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने नगर आयुक्त और प्रखंड विकास पदाधिकारियों से कहा कि पर्व-त्योहारों के दौरान लोगों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो, इसके लिए अभी से तैयारी शुरू कर दी जाए।
उन्होंने नगर एवं पंचायत क्षेत्रों में साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने, निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने, छठ घाटों की साफ-सफाई एवं मरम्मतीकरण, पूजा पंडालों के आसपास सुगम आवागमन की व्यवस्था कराने का निर्देश दिया।
इसके साथ ही प्रमुख पूजा स्थलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पेयजल, ब्लीचिंग पाउडर के छिड़काव और फॉगिंग सहित आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी करने को कहा गया। विधायक ने अधिकारियों से कहा कि पर्व के दौरान बड़ी संख्या में लोग घरों से निकलते हैं, इसलिए स्वच्छता, प्रकाश, सड़क, पेयजल और यातायात जैसी मूलभूत सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाना जरूरी है।
जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने भी लिया हिस्सा
सहयोग शिविर में सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ता, वार्ड एवं पंचायत के विधायक प्रतिनिधि, वार्ड पार्षद, मुखिया, वार्ड सदस्य, समिति सदस्य, भाजपा कार्यकर्ता सहित बड़ी संख्या में स्थानीय महिला-पुरुष मौजूद रहे। लोगों ने शिविर में पहुंचकर विभिन्न विभागों से जुड़ी अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं और उनके समाधान के लिए आवेदन दिया।
विधायक विजय खेमका ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान और क्षेत्र का विकास जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासन की साझा जिम्मेदारी है। सहयोग शिविर के माध्यम से आम लोगों को एक ही स्थान पर सरकारी सेवाओं का लाभ दिलाने की पहल से प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक जनसुलभ बनाने में मदद मिल रही है। उन्होंने अधिकारियों से इसी तत्परता के साथ आगे भी काम करने का आह्वान किया।
















