5
(2)


प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। कहलगांव और आसपास के क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और जनहित से जुड़े विकास कार्यों को लेकर शनिवार को एनटीपीसी के अशोक भवन में सर्वदलीय समिति एवं एनटीपीसी अधिकारियों के बीच महत्वपूर्ण बैठक हुई। शाम पांच बजे हुई बैठक में सड़क, नाला, स्ट्रीट लाइट, हाईमास्ट, पेयजल और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुरक्षा जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। एनटीपीसी की ओर से संबंधित कार्यों पर शीघ्र पहल का आश्वासन दिया गया।
बैठक में सीनियर मैनेजर (एचआर) केके सिंह, आदित्या कुमार, नगर पंचायत अध्यक्ष संजीव कुमार, सर्वदलीय समिति के अध्यक्ष पवन कुमार भारती, डॉ. प्रवीण कुमार राणा, दिवाकर सिन्हा, सुरेंद्र प्रसाद सिंह, डॉ. पंकज कुमार एवं ब्रजेश कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


अंधेरे रास्तों को रोशन करने की उठी मांग:
बैठक में गेट नंबर एक से सत्कार चौक होते हुए सिंचाई कॉलोनी तथा भदेर गेट से सिंचाई कॉलोनी, कहलगांव शहर होते हुए गैमन इंडिया-सेंट जोसेफ स्कूल, पकड़तल्ला तक सड़क किनारे लगी स्ट्रीट लाइट को चालू कराने की मांग रखी गई। साथ ही कहलगांव में लगे हाईमास्ट टावरों के रखरखाव का समय अंतराल बढ़ाने की बात कही गई।
विभिन्न स्थानों पर नए हाईमास्ट टावर लगाने का प्रस्ताव भी रखा गया। इनमें विक्रमशिला खुदाई स्थल गेट के सामने दो हाईमास्ट टावर के अलावा नंदलालपुर, मथुरापुर (शिवनारायणपुर), बद्दल बाबा स्थान, पंचायत सरकार भवन सिया, पुराना पंचायत भवन देवीपुर, एसएसबी ग्राउंड, सिंचाई कॉलोनी और पुस्तकालय भवन बभनियां शामिल हैं।
सड़क के साथ नाला निर्माण पर जोर:
शहर और आसपास के इलाकों में जलनिकासी की समस्या को देखते हुए गंगानगर से भदेर गेट तक सड़क के दोनों ओर आरसीसी नाला निर्माण की मांग की गई। गेट नंबर एक से सत्कार चौक होते हुए मुरकटिया चौक तक पीसीसी सड़क के साथ आरसीसी नाला निर्माण का प्रस्ताव भी रखा गया।
गौशाला से सर्वदीपुर होते हुए ओगरी तक सड़क के चौड़ीकरण, सड़क को ऊंचा करने तथा पीसीसी सड़क निर्माण की मांग भी बैठक में प्रमुखता से उठी।
बाढ़ के बाद बीमारी रोकने में एनटीपीसी की भूमिका की मांग:
बाढ़ प्रभावित गांवों में बाढ़ के बाद संक्रामक बीमारियों की आशंका को देखते हुए सर्वदलीय समिति ने एनटीपीसी से प्रभावित क्षेत्रों में भी दवा का छिड़काव कराने का अनुरोध किया। समिति ने इसे बाढ़ के बाद ग्रामीणों के स्वास्थ्य से जुड़ा महत्वपूर्ण कदम बताया। इसके अलावा सिया पंचायत के विभिन्न विद्यालयों में शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने का मुद्दा भी बैठक में उठाया गया। जनहित से जुड़े अन्य विषयों पर भी चर्चा हुई।
बैठक में उठाए गए विभिन्न मुद्दों पर एनटीपीसी अधिकारियों ने जल्द पहल करने का आश्वासन दिया। बैठक में इस बात पर जोर रहा कि औद्योगिक क्षेत्र के साथ-साथ आसपास के गांवों और शहर में सड़क, रोशनी, जलनिकासी, पेयजल और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत किया जाना जरूरी है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 2

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: