


भागलपुर। जोगसर थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक युवक को देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक की पहचान मोहम्मद तौसीफ, पिता मोहम्मद अंसार के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, सूचना मिली थी कि एक युवक हथियार लेकर जिला स्कूल के आसपास घूम रहा है। सूचना मिलते ही जोगसर थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए इलाके में छापेमारी और जांच अभियान शुरू किया। इसी दौरान पुलिस ने संदिग्ध युवक मोहम्मद तौसीफ को रोककर उसकी तलाशी ली

तलाशी के दौरान युवक के पास से एक देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। हथियार और कारतूस बरामद होने के बाद पुलिस ने युवक को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार युवक से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि उसके पास हथियार कहां से आया और वह हथियार लेकर इलाके में किस उद्देश्य से घूम रहा था। मामले में जोगसर थाना पुलिस ने सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। साथ ही हथियार की आपूर्ति और इस मामले में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
















