


75 प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य, नियमित कक्षा में आने और अनुशासन बनाए रखने के लिए किया गया प्रेरित
मुरलीधर झा
नवगछिया । राजकीय डिग्री महाविद्यालय, गोपालपुर में मंगलवार को विद्यार्थी सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। बिहार सरकार की ‘सात निश्चय-3’ योजना के तहत ‘सबका सम्मान, जीवन आसान’ के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए आयोजित शिविर में विद्यार्थियों ने अपनी शैक्षणिक, प्रशासनिक और आधारभूत समस्याएं महाविद्यालय प्रशासन के समक्ष रखीं। यह शिविर प्रत्येक माह के चौथे मंगलवार को आयोजित किया जाता है।

शिविर में विद्यार्थियों ने महाविद्यालय की विभिन्न व्यवस्थाओं से जुड़ी समस्याओं और आवश्यकताओं को सामने रखा। छात्रों ने पुस्तकालय की व्यवस्था में सुधार, शौचालय की नियमित साफ-सफाई, कॉमन रूम की सुविधा, सड़क पर वाहनों के शोर से होने वाली परेशानी, बोनाफाइड प्रमाण-पत्र जारी करने, वाटर कूलर और शुद्ध पेयजल की व्यवस्था, पहचान-पत्र, डेस्क-बेंच, प्राथमिक उपचार पेटी, खेल सामग्री तथा स्मार्ट कक्षा से संबंधित समस्याओं की जानकारी दी।
विद्यार्थियों की ओर से रखी गई समस्याओं को प्राचार्य डॉ. राज कुमार प्रसाद, अपर जिला भू-अर्जक पदाधिकारी उदय शंकर मिश्रा और गोपालपुर थाना पदाधिकारी संजीव कुमार राउत ने गंभीरता से सुना। अधिकारियों ने समस्याओं को संज्ञान में लेते हुए नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

75 प्रतिशत उपस्थिति पर हुई बैठक
शिविर के दौरान विद्यार्थियों की 75 प्रतिशत अनिवार्य उपस्थिति को लेकर भी बैठक की गई। महाविद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों को नियमित रूप से कक्षाओं में उपस्थित रहने के लिए प्रेरित किया। साथ ही विद्यार्थियों से अनुशासन बनाए रखने और अपनी पढ़ाई को गंभीरता से लेने की अपील की गई।
महाविद्यालय प्रशासन ने कहा कि विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति से उनकी पढ़ाई बेहतर होगी और शैक्षणिक गतिविधियों में उनकी भागीदारी भी बढ़ेगी। छात्रों को महाविद्यालय की व्यवस्थाओं में सहयोग करने और अपनी समस्याओं को उचित माध्यम से प्रशासन के समक्ष रखने के लिए भी प्रेरित किया गया।
शिविर में नोडल पदाधिकारी रवि कुमार राय, सहायक प्राध्यापक सौरभ सिंह, विजय ठाकुर, डॉ. कविता सरोज, दिव्या कुमारी सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
















