


पुलिस पदाधिकारी ने छात्राओं से किया संवाद, परेशानी या छेड़छाड़ की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील
नवगछिया । बिहार सरकार द्वारा चलाए जा रहे ‘ब्रिगेड पुलिस दीदी’ अभियान के तहत बुधवार को गोपालपुर में छात्राओं को महिला सुरक्षा और पुलिस सहायता के संबंध में जागरूक किया गया। इस दौरान गोपालपुर थाना की उपनिरीक्षक प्रतिमा कुमारी महाविद्यालय पहुंचीं और छात्राओं से सीधे संवाद कर सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों की जानकारी दी।

उपनिरीक्षक प्रतिमा कुमारी ने छात्राओं से कहा कि यदि उन्हें किसी भी प्रकार की परेशानी, छेड़छाड़, अभद्र व्यवहार या असुरक्षा का सामना करना पड़े तो वे घबराएं नहीं और न ही ऐसी घटना को छिपाएं। किसी भी अप्रिय स्थिति में शासन द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबर के माध्यम से पुलिस को सूचना देकर सहायता प्राप्त की जा सकती है।

उन्होंने छात्राओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी घटना की जानकारी समय रहते पुलिस को मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जा सकती है। उन्होंने छात्राओं से कहा कि सुरक्षा से जुड़ी किसी भी समस्या को नजरअंदाज करने के बजाय तत्काल अपने परिजनों, महाविद्यालय प्रशासन या पुलिस को इसकी जानकारी दें।
उपनिरीक्षक ने कहा कि छात्राओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन गंभीर है। पुलिस का उद्देश्य छात्राओं में सुरक्षा की भावना बढ़ाना और जरूरत पड़ने पर उन्हें समय पर सहायता उपलब्ध कराना है। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने महिला सुरक्षा और पुलिस सहायता से जुड़े विषयों पर जानकारी भी ली।
मौके पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राज कुमार प्रसाद सहित सहायक प्राध्यापक डॉ. ओंकेश, डॉ. नील माधव, सौरभ सिंह, विजय ठाकुर, रवि कुमार राय, सचिन कुमार, डॉ. कविता सरोज, रिंकी कुमारी, दिव्या कुमारी, शिखा स्वराज सहित छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।















