


पथ निर्माण मंत्री बोले- लोगों को परेशानी न हो, जरूरत पड़ने पर बढ़ाई जाएगी जहाजों की संख्या
भागलपुर। पूर्वी बिहार की महत्वपूर्ण जीवनरेखा और सीमांचल को अंगप्रदेश से जोड़ने वाले विक्रमशिला सेतु पर 1 अक्टूबर से वाहनों का परिचालन बंद किया जाएगा। पुल के स्थायी समाधान के लिए स्टील ट्रस ब्रिज का निर्माण कराया जाएगा। पुल पर परिचालन बंद रहने की अवधि में लोगों को आवागमन में परेशानी न हो, इसके लिए गंगा नदी में 12 जहाजों का परिचालन कराने की तैयारी है।
पथ निर्माण मंत्री ई. शैलेंद्र ने कहा कि विक्रमशिला सेतु पर परिचालन बंद होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा, लेकिन भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा नहीं आए, इसके लिए पुल को मजबूत बनाने की दिशा में स्थायी कार्य कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पुल पर स्टील ट्रस ब्रिज का निर्माण कराया जाएगा।

मंत्री ने बताया कि पुल बंद रहने के दौरान करीब तीन महीने तक गंगा नदी में 12 जहाजों का परिचालन कराया जाएगा। इन जहाजों पर लोगों के लिए यात्रा निःशुल्क रहेगी। उन्होंने कहा कि यदि आवश्यकता महसूस हुई तो जहाजों की संख्या बढ़ाई भी जा सकती है, ताकि लोगों को आवागमन में अधिक परेशानी नहीं हो।
उन्होंने कहा कि स्टील ट्रस ब्रिज के निर्माण के दौरान विक्रमशिला सेतु के अन्य एक्सपेंशन की भी जांच कराई जाएगी। इससे पहले भी तकनीकी टीम द्वारा पुल की जांच की जा चुकी है। निर्माण कार्य के साथ पुल की स्थिति और अन्य तकनीकी बिंदुओं की भी समीक्षा की जाएगी।

पथ निर्माण मंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि निर्धारित अवधि में कार्य पूरा कर लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराई जाए। करीब तीन महीने की अवधि के बाद लोगों को पुल बंद रहने से होने वाली परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
















