


पैसों के लेन-देन के विवाद में हत्या का आरोप, शव छिपाने के लिए मिट्टी में दफनाने की बात; कुल्हाड़ी, खंती और कुदाल बरामद
भागलपुर। ईशाकचक थाना क्षेत्र के बरहपुरा जगन्नाथबली विक्रमशिला कॉलोनी के समीप मिट्टी में दबे मिले शव के मामले का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में मोहम्मद सलमान उर्फ फेकू और मोहम्मद सारिक उर्फ मोनू को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों से पूछताछ और उनकी निशानदेही के आधार पर घटना से जुड़े कुछ औजार भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, पैसों के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में 19 सितंबर को मोहम्मद सलमान की हत्या कर दी गई थी। इसके बाद साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को मिट्टी में दफन कर दिया गया। 22 सितंबर को जमीन से दुर्गंध आने की सूचना मिलने पर ईशाकचक थाना पुलिस मौके पर पहुंची। संदिग्ध स्थान की खुदाई कराए जाने पर जमीन के अंदर से शव बरामद किया गया।

शव बरामद होने के बाद विधि विज्ञान प्रयोगशाला की टीम को मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य एकत्र किए। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच के दौरान घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले तथा तकनीकी अनुसंधान और मानवीय सूचना के आधार पर आरोपितों की पहचान की।
पुलिस के अनुसार, जांच के क्रम में मोहम्मद सलमान उर्फ फेकू और मोहम्मद सारिक उर्फ मोनू की संलिप्तता सामने आई, जिसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस ने एक कुल्हाड़ी, दो खंती और एक कुदाल बरामद की है।

सिटी एसपी अतूलेश झा ने बताया कि मामले में दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस घटना के कारणों और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। मामले में विधिसम्मत कार्रवाई जारी है।
















