5
(2)

ससुराल पक्ष ने आरोपों से किया इनकार, कहा- पहले से बीमार थी नंदनी; पुलिस ने शुरू की मामले की जांच

भागलपुर। पीरपैंती थाना क्षेत्र के टोपरा गांव में बीमारी के कारण 18 वर्षीय नवविवाहिता नंदनी कुमारी की मौत हो गई। मृतका की पहचान टोपरा निवासी जुगेश राय की पत्नी के रूप में हुई है। घटना के बाद मृतका के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर बीमारी के दौरान उचित इलाज नहीं कराने का आरोप लगाया है। वहीं, ससुराल पक्ष ने इन आरोपों से इनकार करते हुए कहा है कि नंदनी पहले से बीमार थी और उसका इलाज कराया जा रहा था।

जानकारी के अनुसार, करीब तीन महीने पहले नंदनी कुमारी और टोपरा निवासी जुगेश राय ने प्रेम विवाह किया था। दोनों घर से चले गए थे। करीब एक महीने बाद नंदनी अपने ससुराल आई थी और पिछले करीब दो महीने से वहीं रह रही थी।

मृतका की सास इंदु देवी ने बताया कि नंदनी ससुराल आने से पहले से ही बीमार थी। ससुराल आने के बाद भी उसकी बीमारी का इलाज कराया जा रहा था। तबीयत बिगड़ने पर उसे शेरमारी में चिकित्सक के पास ले जाया गया, जहां जांच के बाद टाइफाइड बताए जाने की बात कही गई। सास के अनुसार, इलाज और दवा के खर्च के लिए ब्याज पर पैसे लेकर भी उपचार कराया गया था।

शुक्रवार को अचानक नंदनी की तबीयत अधिक बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। इधर, मृतका की मां मोती देवी और भाई मनीष कुमार ने आरोप लगाया कि नंदनी कई दिनों से बीमार थी, लेकिन ससुराल पक्ष ने उसका समुचित इलाज नहीं कराया। मां ने अपनी बेटी की मौत की जांच कराने की मांग की है। परिजनों के अनुसार, नंदनी का पति जुगेश राय प्रदेश में काम करता है और घटना के समय वह बाहर था।

घटना की सूचना मिलने पर पीरपैंती थाना की एसआई संगम कुमारी, एसआई राहुल कुमार समेत पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने परिजनों से पूछताछ कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही नंदनी की मौत के वास्तविक कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस सभी पक्षों के आरोपों और बयानों की जांच कर रही है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 2

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: