


प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र देकर किया गया सम्मानित
पूर्णिया। भारत सरकार के गृह मंत्रालय के राजभाषा विभाग के निर्देशानुसार आकाशवाणी पूर्णिया में आयोजित हिंदी पखवाड़ा का समापन समारोह आयोजित किया गया। हिंदी पखवाड़े के दौरान 15 दिनों तक विभिन्न विधाओं में प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें आकाशवाणी के कर्मियों एवं प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
समापन समारोह के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर पूर्णिया विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग के प्राध्यापकों के साथ बड़ी संख्या में हिंदी प्रेमी और साहित्य से जुड़े लोग उपस्थित रहे।

समारोह में आकाशवाणी पूर्णिया के सहायक निदेशक एवं अभियंत्रण प्रमुख सुबोध कुमार सिंह, कार्यक्रम प्रमुख आशीष कुमार सिंह, पुस्तकालय अध्यक्ष संजय सिंह, कार्यक्रम अधिशासी एवं राजभाषा अधिकारी शिवाजी झा सहित शहर के साहित्यकार और हिंदी प्रेमी मौजूद थे।
समापन सत्र को संबोधित करते हुए अभियंत्रण प्रमुख सुबोध कुमार सिंह ने कहा कि हिंदी भाषा के विकास और प्रसार के लिए सभी को मिलकर प्रयास करने की आवश्यकता है। आकाशवाणी हिंदी भाषा के विकास और उसके व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि हिंदी हमारी अभिव्यक्ति का सशक्त माध्यम है और इसके प्रयोग को बढ़ावा देने में प्रत्येक व्यक्ति की भूमिका महत्वपूर्ण है।

कार्यक्रम प्रमुख आशीष कुमार सिंह और पुस्तकालय अध्यक्ष संजय सिंह ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग और राजभाषा के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया।
समारोह के दौरान हिंदी पखवाड़े के अंतर्गत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया गया तथा विजेताओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन राजभाषा अधिकारी शिवाजी झा ने किया। समारोह का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ।
















