


नवगछिया। अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस के अवसर पर मध्य विद्यालय धरहरा के पोषक क्षेत्र में जनजागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के माध्यम से बच्चों ने अहिंसा, प्रेम, करुणा और आपसी सद्भाव का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया। इस दौरान लोगों को अहिंसा के महत्व के प्रति जागरूक किया गया तथा महात्मा गांधी के विचारों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया गया।

अभियान के दौरान बताया गया कि 2 अक्टूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस मनाया जाता है। महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा को अपने जीवन का आधार बनाया और इन्हीं विचारों के माध्यम से समाज को शांति एवं सद्भाव का संदेश दिया। उनके विचार आज भी समाज के लिए प्रेरणादायक हैं और उन्हें अपने जीवन में आत्मसात करने की आवश्यकता है।
विद्यालय के शिक्षकों ने बच्चों को समझाते हुए कहा कि किसी भी व्यक्ति के प्रति वैर, ईर्ष्या या द्वेष की भावना नहीं रखनी चाहिए। अपनी भाषा और कटु वचनों से किसी को ठेस नहीं पहुंचानी चाहिए। साथ ही अपने किसी भी कार्य से किसी प्राणी को नुकसान नहीं पहुंचाने तथा जीव-जंतुओं के प्रति करुणा और संवेदना का भाव रखने की सीख दी गई।

बच्चों ने भी अहिंसा के संदेश को अपने परिवार और आसपास के लोगों तक पहुंचाने का संकल्प लिया। शिक्षकों ने कहा कि अहिंसा केवल किसी को शारीरिक नुकसान नहीं पहुंचाने तक सीमित नहीं है, बल्कि हमारे विचार, व्यवहार और वाणी में भी प्रेम, सम्मान और संवेदनशीलता का होना आवश्यक है।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक युगेश कुमार, नीतीश कुमार नयन, पंकज कुमार, लतिका कुमारी, नीता कुमारी, स्नेहा कुमारी, राकेश कुमार रजक, रसोइया बेबी देवी सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक एवं कर्मी मौजूद रहे।















